Advertisement

बीकानेर में दिनदहाड़े 50 लाख से अधिक की सनसनीखेज लूट, कैश वैन रोककर हथियारबंद बदमाश कैश बॉक्स लेकर फरार

blank

पांचू थाना क्षेत्र में सीएमएस कंपनी की कैश वैन को बनाया निशाना, 9 टीमें गठित, नागौर-फलौदी गिरोह पर पुलिस को शक

बीकानेर/जयपुर।राजस्थान के बीकानेर जिले में बुधवार को दिनदहाड़े हुई बड़ी लूट की वारदात ने पूरे प्रदेश में सनसनी फैला दी। पांचू थाना क्षेत्र के साधुना-सारुडा मार्ग पर सीएमएस कंपनी की कैश वैन से 50 लाख रुपए से अधिक की नकदी लूट ली गई। चार हथियारबंद बदमाशों ने कैश वैन को बीच रास्ते में रोककर कर्मचारियों को बंदूक की नोक पर धमकाया और कैश बॉक्स लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद पूरे जिले में नाकाबंदी कर दी गई है और आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

बैंकों में नकदी पहुंचाने जा रही थी कैश वैन

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सीएमएस कंपनी की कैश वैन विभिन्न बैंक शाखाओं में नकदी पहुंचाने के लिए निकली थी। जैसे ही वैन साधुना और सारुडा गांव के बीच पहुंची, पहले से घात लगाए बैठे कैंपर सवार चार बदमाशों ने रास्ता रोक लिया। हथियार दिखाकर कर्मचारियों को अपने कब्जे में लिया और कैश बॉक्स लेकर कुछ ही मिनटों में फरार हो गए।

blank

पुलिस के अनुसार लूटी गई राशि का अंतिम सत्यापन किया जा रहा है, लेकिन शुरुआती अनुमान के मुताबिक 50 लाख रुपए से अधिक की नकदी बदमाश अपने साथ ले गए।

घटनास्थल पर पहुंचे अधिकारी, नौ टीमें जांच में जुटीं

घटना की सूचना मिलते ही नोखा वृत्ताधिकारी जरनैल सिंह और पांचू थानाधिकारी ईश्वरप्रसाद जांगिड़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद जिलेभर में नाकाबंदी कराई गई और संदिग्ध वाहनों की सघन जांच शुरू की गई।

पुलिस ने संभावित फरारी मार्गों पर विशेष टीमें रवाना की हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि कैश वैन की सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी। हालांकि वैन के साथ हथियारबंद गार्ड मौजूद थे, लेकिन वारदात के दौरान उन्होंने किसी प्रकार का प्रभावी प्रतिरोध नहीं किया। इससे पूरे घटनाक्रम को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

पुलिस अब कैश वैन में मौजूद सभी कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों से अलग-अलग पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं वारदात में किसी अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं रही।

नागौर-फलौदी गिरोह पर पुलिस की नजर

पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि सीएमएस कंपनी बैंकों के बीच नकदी परिवहन का कार्य करती है। पांचू क्षेत्र में हुई इस बड़ी लूट के पीछे नागौर या फलौदी क्षेत्र के बदमाशों का हाथ होने की आशंका है।

उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले के जल्द खुलासे के लिए 9 विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है.

इलाके में दहशत का माहौल

दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट की घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। बैंकिंग संस्थानों के साथ-साथ आम लोगों में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *