मावा की दुकान की आड़ में मादक पदार्थों की तस्करी का आरोप, एक आरोपी गिरफ्तार; वर्ष 2026 में भोपालगढ़ पुलिस की 22वीं कार्रवाई
भोपालगढ़। जोधपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भोपालगढ़ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 46.00 ग्राम एमडी, 100 ग्राम अवैध अफीम और 329 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद कर जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 27 अगस्त 2026 को भोपालगढ़ कस्बे में की गई। जिला पुलिस अधीक्षक जोधपुर ग्रामीण पंकज यादव के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोधपुर ग्रामीण रामेश्वर लाल के सुपरविजन तथा वृताधिकारी भोपालगढ़ गुलाबाराम के निकट सुपरविजन में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

मावा की दुकान की आड़ में तस्करी का आरोप
पुलिस के मुताबिक कांस्टेबल बुद्धिप्रकाश मीणा को मिली आसूचना के आधार पर भोपालगढ़ कस्बे में कार्रवाई की गई। पुलिस ने मावा की दुकान की आड़ में मादक पदार्थों की तस्करी किए जाने की सूचना पर दबिश दी। इस दौरान आरोपी लोकेश पुत्र मदनलाल, जाति सुथार, निवासी कुंभारा, थाना भोपालगढ़ को पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 46 ग्राम एमडी, 100 ग्राम अफीम और 329 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया। पुलिस ने सभी मादक पदार्थों को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना भोपालगढ़ में धारा 8/18, 22 और 15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच थानाधिकारी पुलिस थाना खेड़ापा लाखाराम द्वारा की जा रही है।
2026 में भोपालगढ़ पुलिस की 22वीं कार्रवाई
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में मादक पदार्थों के खिलाफ भोपालगढ़ थाना पुलिस की यह 22वीं कार्रवाई है। जोधपुर ग्रामीण पुलिस की ओर से जिले में नशे की तस्करी और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी है।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
पूरी कार्रवाई थानाधिकारी भोपालगढ़ राजूराम बामणिया के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में कांस्टेबल प्रकाश गोस्वामी, कमलकिशोर, बुद्धिप्रकाश, प्रकाशचंद्र, श्रवण बेनण और धर्मराज शामिल रहे। पुलिस के अनुसार कांस्टेबल बुद्धिप्रकाश की विशेष भूमिका रही।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी।

Leave a Reply