20 दिन बाद भी मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं, बाजार बंद कर हजारों लोगों ने जिला कलेक्टर कार्यालय का किया घेराव; जल्द कार्रवाई नहीं होने पर जयपुर तक पैदल कूच की चेतावनी
फलौदी। राजस्थान के फलौदी जिले के लोहावट में हुए भंवरी देवी बिश्नोई हत्याकांड को 20 दिन से अधिक का समय बीत जाने के बावजूद मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में भारी आक्रोश है। पुलिस की कार्रवाई से नाराज बिश्नोई समाज और स्थानीय लोगों ने गुरुवार को फलौदी जिला मुख्यालय पर बड़ा प्रदर्शन किया।

हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इतने दिन बीतने के बाद भी मामले में मुख्य आरोपियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
प्रदर्शन के दौरान फलौदी के बाजार बंद रहे। बड़ी संख्या में लोगों ने जिला कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग उठाई।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि भंवरी देवी को न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर फलौदी से जयपुर तक पैदल कूच किया जाएगा।
मामले को लेकर बिश्नोई समाज और स्थानीय लोगों में बढ़ते आक्रोश के बीच अब पुलिस-प्रशासन पर मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले में ठोस कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।


Leave a Reply