बावड़ी। बावड़ी उपखंड अधिकारी जवाहर राम चौधरी ने सोमवार को उपखंड क्षेत्र के बिराई गांव का दौरा कर वहां संचालित अन्नपूर्णा रसोई का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रसोई संचालन में कई कमियां मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी ने पाया कि रसोई परिसर के बाहर योजना संबंधी बोर्ड और स्लोगन प्रदर्शित नहीं किया गया था। इस पर उन्होंने रसोई संचालक को योजना का विस्तृत बोर्ड लगाने तथा “कोई भूखा ना सोए” स्लोगन अनिवार्य रूप से लिखवाने के निर्देश दिए। साथ ही मीनू बोर्ड को भी सही तरीके से प्रदर्शित करने को कहा।
उन्होंने रसोई में हैंडवॉश व्यवस्था, भोजन करने के लिए बैठने की सुविधा और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि भोजन करने वालों के लिए टेबल-कुर्सियों की उचित व्यवस्था नहीं थी और वॉश बेसिन भी उपलब्ध नहीं मिला। इस पर उन्होंने जल्द आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।

उपखंड अधिकारी ने भोजन की गुणवत्ता को लेकर सब्जी और अचार की व्यवस्था की जानकारी ली। इसके अलावा टोकन वितरण, रसीद प्रिंटिंग, फोटो कैप्चर सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।
इस दौरान इंदिरा रसोई संचालक ने पर्याप्त स्थान नहीं होने की समस्या से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि अस्पताल के पास अन्नपूर्णा रसोई योजना के तहत भवन बना हुआ है, यदि रसोई को वहां स्थानांतरित किया जाए तो आमजन को अधिक सुविधा मिलेगी।

इस पर उपखंड अधिकारी ने बिराई सरपंच मुन्नाराम सारण को अन्नपूर्णा रसोई भवन खाली करवाकर नियमानुसार रसोई को वहां स्थानांतरित करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply