Advertisement

पंचायती राज चुनाव 2026: कल बावड़ी में निकलेगी आरक्षण की लॉटरी, 70 सरपंचों का खुलेगा भाग्य

blank

बावड़ी, हतुंडी और उमेद नगर पंचायत समितियों की 70 ग्राम पंचायतों में सरपंच, उपसरपंच और वार्ड पंचों के पदों का तय होगा आरक्षण

बावड़ी। पंचायती राज चुनाव 2026 को लेकर आरक्षण की प्रक्रिया अब ग्राम पंचायत स्तर तक पहुंच गई है। गुरुवार को पंचायत समिति बावड़ी के सभागार में सरपंच, उपसरपंच एवं वार्ड पंचों के पदों के लिए आरक्षण लॉटरी निकाली जाएगी। लॉटरी के बाद क्षेत्र की 70 ग्राम पंचायतों में किन वर्गों के लिए सरपंच पद आरक्षित होंगे, इसका निर्धारण किया जाएगा।

इससे पहले बुधवार को जोधपुर के मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर (MIC) में जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति प्रधान पदों के लिए आरक्षण लॉटरी निकाली गई। जोधपुर जिला परिषद के 43 वार्डों तथा जिले की 23 पंचायत समितियों के प्रधान एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए आरक्षण तय किया गया।

blank

बावड़ी में सामान्य वर्ग, उमेद नगर में भी सामान्य और हतुंडी में OBC

जिला स्तर पर हुई लॉटरी के अनुसार पंचायत समिति बावड़ी के प्रधान पद को सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। वहीं उमेद नगर पंचायत समिति के प्रधान पद पर भी सामान्य वर्ग का आरक्षण तय हुआ है। जबकि हतुंडी पंचायत समिति के प्रधान पद को अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए आरक्षित किया गया है।

अब ग्राम पंचायतों के सरपंच, उपसरपंच और वार्ड पंचों के पदों का आरक्षण निर्धारित करने के लिए बावड़ी में लॉटरी आयोजित की जा रही है।

70 ग्राम पंचायतों में तय होगा आरक्षण

बावड़ी उपखंड क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली तीन पंचायत समितियों की कुल 70 ग्राम पंचायतों के सरपंच पदों का आरक्षण लॉटरी के माध्यम से तय किया जाएगा। इनमें पंचायत समिति बावड़ी की 27 ग्राम पंचायतें, उमेद नगर की 20 ग्राम पंचायतें और हतुंडी की 23 ग्राम पंचायतें शामिल हैं।

लॉटरी के बाद यह स्पष्ट होगा कि किस ग्राम पंचायत में सरपंच का पद सामान्य, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग अथवा महिला वर्ग के लिए आरक्षित रहेगा।

महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण

आरक्षण प्रक्रिया में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान लागू किया जाएगा। इसी के अनुसार लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से विभिन्न वर्गों में महिला आरक्षण का निर्धारण किया जाएगा। इसके बाद संबंधित ग्राम पंचायतों में चुनाव लड़ने के इच्छुक संभावित प्रत्याशियों की तैयारियां भी तेज होंगी।

सुबह 9 बजे शुरू होगी लॉटरी

बावड़ी उपखंड अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट जवाहर राम चौधरी के अनुसार पंचायत समिति बावड़ी, हतुंडी और उमेद नगर क्षेत्र की ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं वार्ड पंचों के आरक्षण की लॉटरी बावड़ी पंचायत समिति सभागार में सुबह 9 बजे से शुरू होगी।

लॉटरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों पंचायत समितियों की सभी 70 ग्राम पंचायतों में आरक्षित पदों की स्थिति सामने आ जाएगी। इसके साथ ही पंचायती राज चुनाव 2026 को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियां और संभावित दावेदारों की सक्रियता और बढ़ने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *