बावड़ी। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बावड़ी उपखंड क्षेत्र में उत्साह और उमंग के साथ सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। उपखंड की सभी ग्राम पंचायतों में योग शिविर आयोजित हुए, जबकि मुख्य ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बावड़ी के प्रांगण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी एवं ग्रामीणों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने प्राणायाम, सूर्य नमस्कार एवं विभिन्न योगासन किए तथा नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

वहीं ग्राम पंचायत बिराई में डॉ. नवलराम सोलंकी के निर्देशन में आयोजित योग कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों, बच्चों एवं कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने का संदेश देते हुए प्रतिदिन योग करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को स्वस्थ, संतुलित और तनावमुक्त जीवन जीने की प्रेरणा देता है। सामूहिक योगाभ्यास के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और नियमित योग अपनाने का आह्वान किया गया।

Leave a Reply