बावड़ी। बावड़ी उपखंड क्षेत्र में शनिवार शाम अचानक बदले मौसम ने जमकर कहर बरपाया। तेज तूफानी आंधी और मूसलाधार बारिश के चलते क्षेत्र के कई गांवों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि जगह-जगह बिजली के पोल धराशायी हो गए, पेड़ उखड़ गए, टीन शेड उड़ गए तथा सोलर प्लेटें और छप्पर भी क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि इस बारिश से भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम होते-होते आसमान में काले घने बादल छा गए और कुछ ही देर में तेज धूलभरी आंधी चलने लगी। आंधी के कारण कई स्थानों पर दृश्यता बेहद कम हो गई तथा चारों ओर अंधकार जैसा माहौल बन गया। इसके बाद शुरू हुई तेज बारिश ने क्षेत्र को तरबतर कर दिया। कई जगह पानी भर गया और नालों में बहाव शुरू हो गया।

डिस्कॉम को लगभग 35 लाख रुपये का नुकसान
बावड़ी डिस्कॉम की सहायक अभियंता शिवराज यादव ने बताया कि शनिवार रात आई तेज आंधी और बारिश से विभाग को भारी नुकसान हुआ है। डिस्कॉम क्षेत्र में लगभग 80 बिजली पोल टूट गए तथा 15 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। प्रारंभिक आकलन के अनुसार विभाग को करीब 35 लाख रुपये का राजस्व नुकसान हुआ है।
उन्होंने बताया कि बिजली व्यवस्था को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए विभाग की दो से तीन टीमें लगातार कार्य कर रही हैं। अधिकांश गांवों में विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है, जबकि कृषि फीडरों और अन्य प्रभावित क्षेत्रों में मरम्मत कार्य जारी है।

कई गांवों में उड़े टीन शेड और सोलर पैनल
तेज आंधी के कारण कई स्थानों पर मकानों और प्रतिष्ठानों पर लगे टीन शेड उड़ गए। वहीं अनेक स्थानों पर सोलर पैनल और सोलर प्लेटें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। कई बड़े पेड़ जड़ से उखड़कर सड़कों और खेतों में गिर गए, जिससे आवागमन भी प्रभावित हुआ।
गर्मी से मिली बड़ी राहत
पिछले कई दिनों से क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के बीच हुई इस बारिश ने लोगों को राहत पहुंचाई है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया। पशुओं और आमजन दोनों को गर्मी से राहत मिली है।
उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील
सहायक अभियंता शिवराज यादव ने विद्युत उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि बिजली व्यवस्था को पूरी तरह सुचारू करने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है। उपभोक्ता धैर्य बनाए रखें और विद्युत कर्मचारियों का सहयोग करें ताकि जल्द से जल्द सभी क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति शुरू की जा सके।

Leave a Reply