प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के अनुमोदन के बाद घोषित हुई जिला कांग्रेस कमेटी जोधपुर ग्रामीण की कार्यकारिणी, क्षेत्र में खुशी की लहर
जोधपुर/बावड़ी। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के अनुमोदन के पश्चात जिला कांग्रेस कमेटी जोधपुर ग्रामीण की नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। जिला अध्यक्ष गीता बरवाड़ के नेतृत्व में घोषित इस कार्यकारिणी में संगठन महासचिव, कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव, प्रवक्ता एवं सोशल मीडिया प्रभारी सहित विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की गई हैं।
नई कार्यकारिणी में बावड़ी निवासी कुशल गहलोत को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देते हुए जिला कांग्रेस कमेटी का प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति के बाद क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है तथा उन्हें लगातार बधाइयां दी जा रही हैं।
15 वर्षों से संगठन में सक्रिय भूमिका
कुशल गहलोत लंबे समय से कांग्रेस संगठन के सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। उन्होंने संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया है।
वर्ष 2019 में कांग्रेस सरकार बनने के बाद उन्हें युवा विकास प्रेरक के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके बाद 2022 में राजीव गांधी युवा मित्र कार्यक्रम में स्टेट कोऑर्डिनेटर के रूप में कार्य किया।
उपचुनावों में निभाई अहम भूमिका
गहलोत ने पार्टी के विभिन्न चुनावी अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने उदयपुर की वल्लभनगर विधानसभा और प्रतापगढ़ की धरियावद विधानसभा के उपचुनाव में संगठन की ओर से जिम्मेदारी संभाली, जहां कांग्रेस ने दोनों सीटों पर जीत दर्ज की।

इसके बाद 2024 में उन्हें कांग्रेस ओबीसी विभाग का प्रदेश सचिव बनाया गया। इसी वर्ष विधानसभा चुनाव के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निर्देशन में उन्हें भोपालगढ़ विधानसभा की जिम्मेदारी सौंपी गई। उनके संगठनात्मक प्रयासों के चलते लगभग 15 वर्षों बाद भोपालगढ़ विधानसभा सीट कांग्रेस के खाते में आई।
सचिव से बने जिला प्रवक्ता
मार्च 2025 में भोपालगढ़ विधायक एवं वर्तमान जिला कांग्रेस अध्यक्ष गीता बरवाड़ की अनुशंसा पर कुशल गहलोत को जिला कांग्रेस कमेटी में सचिव नियुक्त किया गया था। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, सक्रियता और निरंतर कार्य को देखते हुए अब प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के अनुमोदन से उन्हें जिला कांग्रेस कमेटी जोधपुर ग्रामीण का प्रवक्ता बनाया गया है।
कुशल गहलोत ने जताया आभार
जिला प्रवक्ता नियुक्त होने के बाद कुशल गहलोत ने प्रदेश नेतृत्व, जिला अध्यक्ष गीता बरवाड़ एवं पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर वे पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा,
“मैं संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करूंगा। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करने तथा आम किसान, मजदूर, गरीब और आमजन की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए सदैव तत्पर रहूंगा।”
बधाइयों का दौर शुरू
जिला प्रवक्ता बनाए जाने के बाद बावड़ी सहित पूरे जोधपुर ग्रामीण क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने कुशल गहलोत को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन में सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ताओं के सम्मान के रूप में बताया और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन को और मजबूती मिलेगी।


Leave a Reply