Advertisement

बाड़मेर में बमनुमा वस्तु से भीषण विस्फोट, मां-बेटा गंभीर घायल; जोधपुर रेफर

blank

बाड़मेर/जोधपुर। राजस्थान के बाड़मेर जिले के शिव तहसील क्षेत्र में खेत में मिली एक अज्ञात बमनुमा वस्तु से खेलते समय हुए भीषण विस्फोट में 5 वर्षीय मासूम और उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा नवातला क्षेत्र के भीलों का तला गांव में हुआ। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जोधपुर रेफर किया गया है।

पत्थर से टकराते ही हुआ जोरदार धमाका

परिजनों के अनुसार, 5 वर्षीय भैराराम रविवार को खेत में खेल रहा था। इसी दौरान उसे खेत में एक बम जैसी दिखाई देने वाली अज्ञात वस्तु मिली। अनजान होने के कारण बच्चा उस वस्तु को अपने साथ घर ले आया।

blank

Advertisement

सोमवार सुबह बच्चा उसी वस्तु से खेलने लगा। खेलते समय उसने वस्तु को एक पत्थर पर दे मारा। पत्थर से टकराते ही उसमें जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास का इलाका दहल उठा।

मासूम का शरीर बुरी तरह झुलसा

विस्फोट की चपेट में आने से भैराराम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके हाथ और शरीर के निचले हिस्से में गंभीर चोटें आई हैं। पास में मौजूद उसकी मां भी विस्फोट की चपेट में आकर घायल हो गईं। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को अस्पताल पहुंचाया।

जिला अस्पताल से जोधपुर रेफर

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण दोनों घायलों को बाड़मेर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए मां-बेटे को बेहतर उपचार के लिए जोधपुर रेफर कर दिया।

पुलिस और BSF ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और BSF की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र को सुरक्षित कर जांच शुरू की गई है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि खेत में मिली वस्तु सेना का पुराना जिंदा बम/शेल थी या किसी अन्य प्रकार का विस्फोटक। वस्तु खेत तक कैसे पहुंची, इसकी भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *