वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, किसानों, व्यापारियों और यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ; रोडवेज बस सेवा शुरू होने की भी जगी उम्मीद
बावड़ी/जोधपुर। क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। बारा चौराहे से भोपालगढ़ तक जाने वाले करीब 60 किलोमीटर लंबे मार्ग को ओडीआर (अन्य जिला सड़क) से उन्नत कर एमडीआर (मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड) घोषित कर दिया गया है। सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा इस सड़क को एमडीआर में शामिल किए जाने के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। सड़क के उन्नयन से बावड़ी, बिराई सहित आसपास के दर्जनों गांवों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी तथा भोपालगढ़ मुख्यालय से संपर्क और अधिक सुगम होगा।
ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा लंबे समय से इस मार्ग को एमडीआर घोषित करने की मांग की जा रही थी। कई बार सार्वजनिक निर्माण विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर सड़क की दयनीय स्थिति से अवगत कराया गया था। अब सड़क को एमडीआर का दर्जा मिलने से क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि वर्षों से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान होगा।

खराब सड़क से मिल सकेगी राहत
वर्तमान में इस मार्ग की स्थिति कई स्थानों पर बेहद खराब है। विशेष रूप से बावड़ी और बिराई के बीच केरला बेरा के पास सड़क पर गहरे गड्ढे और बरसात के दौरान जलभराव की समस्या राहगीरों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है। बारिश के दिनों में वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ता है। सड़क के उन्नयन के बाद इन समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।
किसानों और व्यापारियों को होगा फायदा
एमडीआर सड़क बनने से क्षेत्र के किसानों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। बावड़ी, बिराई तथा आसपास के गांवों के किसान अपनी कृषि उपज को भोपालगढ़ मंडी तक आसानी से पहुंचा सकेंगे। बेहतर सड़क सुविधा से माल परिवहन की लागत कम होगी तथा व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे क्षेत्र की आर्थिक प्रगति को नई गति मिलने की संभावना है।
इन गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
बारा चौराहे से शुरू होने वाला यह मार्ग डांवरा, अणवाणा, बावड़ी, बिराई, केरला बेरा, कलावास, बिराणी, हिरादेशर और औस्तरा होते हुए भोपालगढ़ तक पहुंचेगा। लगभग 60 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के उन्नयन से पूरे क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों का जिला मुख्यालय से संपर्क और अधिक सुगम बनेगा।

रोडवेज बसों के संचालन की बढ़ी उम्मीद
ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में इस मार्ग पर जोधपुर से मेड़ता और अजमेर तक रोडवेज बसों का नियमित संचालन होता था। जोधपुर से बावड़ी, बिराई होते हुए भोपालगढ़ तक यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलती थी। लेकिन सड़क की खराब स्थिति के कारण धीरे-धीरे रोडवेज सहित अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं ने इस मार्ग से दूरी बना ली।
इसके चलते भोपालगढ़, अजमेर, ब्यावर और पुष्कर जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब सड़क के एमडीआर बनने और उन्नयन कार्य शुरू होने के बाद लोगों को उम्मीद है कि इस मार्ग पर फिर से रोडवेज एवं अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाएं शुरू होंगी, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता पुरखा राम सुथार ने बताया कि औसियां-सोयला मार्ग पर स्थित बारा चौराहे से भोपालगढ़ तक की 60 किलोमीटर सड़क को एमडीआर में शामिल कर लिया गया है तथा इस पर शीघ्र कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
एमडीआर सड़क की घोषणा के बाद ग्रामीणों ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि भोपालगढ़ और बावड़ी क्षेत्र के बीच बेहतर सड़क की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है। क्षेत्रवासियों का मानना है कि सड़क निर्माण से न केवल आवागमन आसान होगा बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई दिशा मिलेगी।

Leave a Reply