17 माह बाद खुला ठगी का राज: अंतरराज्यीय बागरी गैंग के 3 शातिर ठग गिरफ्तार, नकली सोने की माला बेचकर की थी 5 लाख की ठगी
जोधपुर। जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने 17 माह पुराने ठगी के एक चर्चित मामले का पर्दाफाश करते हुए अंतरराज्यीय बागरी गैंग के तीन शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुदाई में मिले सोने-चांदी के आभूषण और प्राचीन सिक्कों का झांसा देकर लोगों को लाखों रुपये की चपत लगाते थे। पुलिस ने इस मामले में दो पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में जोधपुर और भीलवाड़ा जिले में भी इसी प्रकार की ठगी की वारदातें करना स्वीकार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक जोधपुर ग्रामीण पी.डी. नित्या ने बताया कि पुलिस थाना बिलाड़ा में दर्ज प्रकरण संख्या 23/2025 में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की तलाश की जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना बिलाड़ा और जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम को आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे।
ऐसे दिया था ठगी को अंजाम
प्रार्थी महेंद्र पुत्र चौणाराम माली निवासी नवोड़ा बेरा, पीपाड़ शहर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 जनवरी 2025 को एक अज्ञात व्यक्ति उसकी दुकान पर आया और स्वयं को गरीब बताते हुए कहा कि उसके घर की खुदाई के दौरान कुछ चांदी के सिक्के और सोने के मोती मिले हैं। आरोपी ने भरोसा जीतने के लिए एक चांदी का सिक्का और दो सोने के मोती जांच के लिए दिए, जो जांच में असली पाए गए।
इसके बाद 26 जनवरी 2025 को आरोपी अपनी मां के साथ फिर पहुंचा और बताया कि उसके पास 100 सोने के मोतियों की माला और 20 चांदी के सिक्के हैं। उसने प्रार्थी को बिलाड़ा स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास बुलाकर पांच लाख रुपये में कथित सोने की माला का सौदा कर लिया। बाद में जांच कराने पर माला के सभी मोती नकली निकले, जिसके बाद पीड़ित ने पुलिस में मामला दर्ज कराया।
साइबर सेल की तकनीकी जांच से मिला सुराग
पुलिस ने घटना स्थल के बीटीएस डेटा और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। जिला साइबर सेल के हैड कांस्टेबल मोहनराम ने लगातार तकनीकी निगरानी और आसूचना के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। जांच में जालौर जिले की बागरी गैंग की संलिप्तता सामने आई।
23 जून 2026 की रात गैंग की लोकेशन राजसमंद जिले में मिलने पर जिला साइबर सेल राजसमंद, पुलिस थाना श्रीनाथजी मंदिर और थाना राजनगर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई कर आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बिलाड़ा की ठगी की वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी
- विक्रम कुमार पुत्र करणाराम, निवासी बीबलसर, थाना बागरा, जिला जालौर
- राहुल कुमार पुत्र विक्रम कुमार, निवासी बीबलसर, थाना बागरा, जिला जालौर
- सुगना पत्नी विक्रम कुमार, निवासी बीबलसर, थाना बागरा, जिला जालौर
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरे ऑपरेशन में पुलिस थाना बिलाड़ा के पुनाराम एवं शैतानराम, साइबर सेल के मोहनराम (विशेष भूमिका), सुरेश कुमार, साइबर सेल राजसमंद के इंदरचंद चोयल, थाना राजनगर के थानाधिकारी संजय सिंह तथा थाना श्रीनाथजी मंदिर के थानाधिकारी विक्रम सिंह और रामकरण की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील
जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कम कीमत पर सोना, चांदी, प्राचीन सिक्के या खुदाई में मिले खजाने का लालच देने वाले व्यक्तियों से सावधान रहें। किसी भी प्रकार का लेन-देन करने से पहले वस्तु की पूरी जांच और सत्यापन अवश्य कराएं तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Leave a Reply