जोधपुर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के मंत्री अविनाश गहलोत ने गुरुवार को अपने संक्षिप्त जोधपुर प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचे और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पात्रता सत्यापन और समय पर भुगतान पर जोर
मंत्री गहलोत ने विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं—मुख्यमंत्री वृद्धजन सम्मान पेंशन, एकलनारी पेंशन, विशेष योग्यजन पेंशन, कृषक वृद्धजन पेंशन एवं सिलिकोसिस पेंशन—की समीक्षा करते हुए कहा कि पात्र लाभार्थियों का समय पर सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रहे तथा लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण कर समय पर भुगतान किया जाए।
कई महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
बैठक में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विकलांगता पेंशन, वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन, पालनहार योजना, उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना, अम्बेडकर डीबीटी वाउचर योजना, छात्रावास योजना और डॉ. सविता बेन अम्बेडकर अंतरजातीय विवाह योजना सहित कई योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जीरो टॉलरेंस नीति पर सख्ती
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की अनियमितता या देरी न हो।
प्रचार-प्रसार और नवाचार पर विशेष बल
गहलोत ने योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि आमजन को योजनाओं के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से मैदानी स्तर पर सक्रिय रहकर पात्र लोगों की पहचान करने और उन्हें लाभान्वित करने के निर्देश दिए। साथ ही विभागीय कार्यों में सुधार और नवाचार के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए।

नियमित मॉनिटरिंग और जवाबदेही जरूरी
उन्होंने सभी योजनाओं की नियमित समीक्षा और सतत मॉनिटरिंग पर बल देते हुए कहा कि अंत्योदय की भावना के तहत वंचित और जरूरतमंद वर्गों तक योजनाओं का प्रभावी लाभ पहुंचाना विभाग की प्रमुख जिम्मेदारी है।
बैठक के बाद मंत्री अविनाश गहलोत ने मीडिया से संवाद कर विभागीय योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी भी साझा की।
इस दौरान बैठक में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply