गौ सेवा को बताया नर सेवा और नारायण सेवा, ग्रामीणों ने संतों का किया अभिनंदन
बावड़ी। उपखंड क्षेत्र के बिराई गांव स्थित श्री राम गौशाला में अंजनेश्वर धाम, जोधपुर के संतों का सम्मान एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान संत विनय दास महाराज की ओर से गौ सेवा के लिए श्री राम गौशाला बिराई को चारे के हितार्थ सवा लाख रुपए की नकद राशि भेंट की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संत विजय दास महाराज ने कहा कि कलयुग में गौ सेवा ही नर सेवा और नारायण सेवा है। उन्होंने कहा कि गौ माता की सेवा से मनुष्य को समृद्धि, सिद्धि, लक्ष्मी, वैभव और शौर्य की प्राप्ति होती है। उन्होंने ग्रामीणों से गौ सेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया।
संत विजय दास महाराज ने कहा कि मनुष्य जीवन में सुख-सुविधाओं और वैभव के लिए दिन-रात मेहनत करता है, लेकिन गौ सेवा के माध्यम से भी जीवन में सकारात्मकता और समृद्धि प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने गौ सेवा को समाज और मानवता की महत्वपूर्ण सेवा बताया।

इस अवसर पर श्री राम गोसेवा समिति के पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने संतों का माल्यार्पण कर तथा शॉल भेंट कर अभिनंदन एवं स्वागत किया। संतों द्वारा गौशाला के लिए चारे के हितार्थ सवा लाख रुपए की सहायता किए जाने पर ग्रामीणों ने आभार जताया।
कार्यक्रम में ठाकुर दुर्ग सिंह, बिराई प्रशासक मुन्नाराम, पूर्व सरपंच जगराम सांखला, श्री राम गौ सेवा समिति अध्यक्ष गोपी कृष्ण पंचारिया, सचिव माणक राम परिहार, भामाशाह प्रेरक सोहनलाल मंत्री सहित गांव के जनप्रतिनिधि, समिति पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply