सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर अनीता बिश्नोई की हालत में सुधार, 2-3 दिन तक डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगी
जोधपुर। राजस्थान की चर्चित सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर अनीता बिश्नोई की तबीयत को लेकर ताजा स्वास्थ्य अपडेट सामने आया है। जोधपुर के मथुरादास माथुर (एमडीएम) अस्पताल में भर्ती अनीता का इलाज जारी है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार उनकी हालत में पहले की तुलना में सुधार हुआ है, लेकिन विषाक्त पदार्थ के प्रभाव को देखते हुए उन्हें अभी कुछ दिनों तक चिकित्सकीय निगरानी में रखा जाएगा।
एमडीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित ने बताया कि अनीता बिश्नोई को 3 जून को गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था। चिकित्सकों की टीम ने तत्काल इमरजेंसी उपचार शुरू किया। उपचार के बाद उनकी स्थिति में सुधार आया है और उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी हालत स्थिर है, लेकिन जहर के प्रभाव को पूरी तरह खत्म होने में समय लग सकता है। इसी कारण अगले दो से तीन दिनों तक उनकी लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।

सोशल मीडिया पोस्ट के बाद मचा था बवाल
बुधवार को अनीता बिश्नोई द्वारा सोशल मीडिया पर साझा की गई एक पोस्ट ने लोगों को चौंका दिया था। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा था, “आज के बाद आपकी बहन इस दुनिया में नहीं दिखेगी।” इस पोस्ट के सामने आते ही उनके प्रशंसकों और परिचितों में चिंता फैल गई तथा सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई।
बताया जा रहा है कि पोस्ट साझा करने के कुछ समय बाद ही अनीता ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। उस समय उनके पति दीनाराम घर पर मौजूद नहीं थे। सोशल मीडिया पोस्ट देखने के बाद किसी परिचित ने दीनाराम को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद वे तत्काल घर पहुंचे और अनीता को गंभीर हालत में अस्पताल लेकर गए, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।
ट्रोलिंग से थीं परेशान
अनीता बिश्नोई के पति दीनाराम ने बताया कि पिछले कई दिनों से कुछ सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर और यूजर्स उनकी पत्नी को लगातार ट्रोल कर रहे थे। विवाद की शुरुआत अनीता की एक पोस्ट से हुई थी, जिसमें उन्होंने बदलते सामाजिक परिवेश और संस्कृति पर व्यंग्य करते हुए लिखा था, “कपड़े हो गए छोटे तो शर्म कहां से आएगी।”
इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें तीखी आलोचनाओं और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। दीनाराम का आरोप है कि कुछ लोगों ने अनीता को बदनाम करने की धमकियां भी दी थीं। उन्होंने बताया कि व्हाट्सएप मैसेज के माध्यम से भी उनकी पत्नी को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। लगातार हो रही ट्रोलिंग और कथित धमकियों से अनीता काफी तनाव में थीं।
राजस्थानी संस्कृति पर बनाती हैं वीडियो
अनीता बिश्नोई मूल रूप से राजस्थान के जैसलमेर जिले के लाठी गांव की रहने वाली हैं। वर्तमान में उनका परिवार जोधपुर के बनाड़ क्षेत्र में निवास करता है। सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी खासी पहचान है और हजारों लोग उनके वीडियो देखते हैं।
अनीता मुख्य रूप से खेती-किसानी, ग्रामीण जीवन, पशुपालन और राजस्थानी संस्कृति से जुड़े वीडियो बनाती हैं। उनके वीडियो ग्रामीण परंपराओं और स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए लोकप्रिय माने जाते हैं।

सोशल मीडिया पर उठे सवाल
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग और ऑनलाइन उत्पीड़न को लेकर बहस छिड़ गई है। कई लोगों ने अनीता के समर्थन में पोस्ट करते हुए सोशल मीडिया पर बढ़ती नकारात्मकता और मानसिक दबाव को गंभीर मुद्दा बताया है। वहीं उनके समर्थक जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
फिलहाल अनीता बिश्नोई का उपचार एमडीएम अस्पताल में जारी है और चिकित्सकों की टीम उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply