बाड़मेर/पचपदरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के बाड़मेर जिले के पचपदरा में देश की सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा परियोजनाओं में शामिल राजस्थान रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स सहित 1 लाख 5 हजार करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि 21वीं सदी के नए भारत की इच्छाशक्ति दुनिया के सबसे बड़े ऊर्जा संकट पर भारी पड़ी है। कठिन वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद भारत ने मजबूती से खड़े रहकर ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित की और देश को अस्थिर करने की हर साजिश को नाकाम किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राजस्थान रिफाइनरी केवल एक औद्योगिक परियोजना नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। इससे राजस्थान के साथ-साथ पूरे देश की ऊर्जा क्षमता, औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसरों को अभूतपूर्व गति मिलेगी।
राजस्थान रिफाइनरी बनेगी ऊर्जा आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी रिफाइनिंग क्षमता वाला देश बन चुका है। पिछले एक दशक में देश ने ऊर्जा क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है और अब भारत केवल अपनी जरूरतें पूरी करने तक सीमित नहीं है, बल्कि वैश्विक ऊर्जा क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी पश्चिमी भारत के औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनेगी। इससे पेट्रोकेमिकल उद्योग को नई गति मिलेगी, निवेश बढ़ेगा और हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।

“डबल इंजन सरकार केवल शिलान्यास नहीं करती, परियोजनाएं पूरी भी करती है”
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि डबल इंजन की सरकारें केवल शिलान्यास करने तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि तय समय में परियोजनाओं को धरातल पर उतारकर जनता को समर्पित भी करती हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान में सड़क, रेल, मेट्रो, ऊर्जा, जल और औद्योगिक क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की समन्वित कार्यशैली का परिणाम है कि वर्षों से लंबित परियोजनाएं अब तेजी से पूरी हो रही हैं और उनका लाभ सीधे आम जनता तक पहुंच रहा है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बोले- राजस्थान की भाग्यरेखा बनेगी रिफाइनरी
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान रिफाइनरी राज्य की भाग्यरेखा साबित होगी। यह परियोजना न केवल प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी बल्कि देश की आर्थिक प्रगति का भी मजबूत आधार बनेगी।
उन्होंने कहा कि रिफाइनरी के संचालन से बाड़मेर सहित पश्चिमी राजस्थान में बड़े पैमाने पर उद्योग स्थापित होंगे, रोजगार बढ़ेगा और क्षेत्र का समग्र विकास होगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजस्थान को इतनी बड़ी सौगात देने के लिए आभार व्यक्त किया।
हरदीप सिंह पुरी बोले- विश्व की श्रेष्ठ रिफाइनरीज में शामिल होगी राजस्थान रिफाइनरी
केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि राजस्थान रिफाइनरी तकनीकी दृष्टि से विश्व की सबसे आधुनिक और श्रेष्ठ रिफाइनरीज में शामिल होगी।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना में अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग किया गया है, जिससे उच्च गुणवत्ता वाले पेट्रोलियम उत्पादों के साथ पेट्रोकेमिकल उत्पादों का भी बड़े पैमाने पर उत्पादन होगा। इससे भारत की आयात निर्भरता कम होगी और ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी।

क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई रफ्तार
राजस्थान रिफाइनरी परियोजना के शुरू होने से बाड़मेर, बालोतरा, जोधपुर और पश्चिमी राजस्थान के अन्य क्षेत्रों में औद्योगिक निवेश बढ़ेगा। परिवहन, लॉजिस्टिक्स, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य और छोटे-बड़े उद्योगों को भी इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले वर्षों में यह परियोजना पश्चिमी राजस्थान की आर्थिक तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि विकसित भारत के निर्माण में राजस्थान की भूमिका लगातार मजबूत हो रही है और आने वाले वर्षों में प्रदेश देश की औद्योगिक, ऊर्जा और आर्थिक प्रगति का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि राजस्थान रिफाइनरी भारत को ऊर्जा क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मील का पत्थर सिद्ध होगी।

Leave a Reply