Advertisement

प्रथाओं की ओढ़े चुनरी: बींदणी’ में नई शुरुआत, नए चेहरों और नई कहानी के साथ आएगा जनरेशन लीप

blank

जयपुर। लोकप्रिय टीवी शो ‘प्रथाओं की ओढ़े चुनरी: बींदणी’ अब एक नए अध्याय में प्रवेश करने जा रहा है। शो में आने वाला है जनरेशन लीप, जिसके साथ कहानी की दिशा और भी दिलचस्प हो जाएगी। इस लीप के साथ कुछ नए कलाकार जुड़ रहे हैं, जो शो में नई ऊर्जा और भावनाओं का समावेश करेंगे।

श्रेय जैन और कुशाग्र दुआ नए किरदारों के साथ दर्शकों के सामने आएंगे। श्रेय जैन शो में वैष्णवी के रूप में नजर आएंगी, जबकि कुशाग्र दुआ गर्व उर्फ गन्नू के रूप में अपने अभिनय की छाप छोड़ेंगे। दोनों के किरदार शो की मुख्य कहानी में महत्वपूर्ण बदलाव लेकर आएंगे। जहां वैष्णवी के किरदार को नई सोच और परंपराओं की सशक्त प्रतिनिधित्व के तौर पर देखा जाएगा, वहीं गर्व का किरदार पुरुषवादी दृष्टिकोण को चुनौती देगा।

प्रोमो में दिखाए गए एक दृश्य में वैष्णवी एक व्यस्त बाजार में एक पति को अपनी पत्नी का ख्याल रखते हुए देखती हैं और वह इस दृश्य को देखकर मानती हैं कि “सच्चा प्यार किसी की खुशी का ख्याल रखना होता है।” वहीं, गर्व इस दृश्य पर नकारात्मक प्रतिक्रिया देता है, और उसका मानना है कि ऐसा प्यार पुरुष के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाता है। इस छोटे से दृश्य में प्यार और परंपराओं को लेकर दो अलग-अलग विचारधाराओं का टकराव दर्शाया गया है।

श्रेय जैन ने शो के बारे में बात करते हुए कहा, “बींदणी राजस्थान की मिट्टी, संस्कृति और परंपराओं पर आधारित है। मैं खुद राजस्थान से हूं, इसलिए इस शो का हिस्सा बनकर मुझे गर्व महसूस हो रहा है। वैष्णवी का किरदार निभाने का अनुभव मेरे लिए विशेष है क्योंकि मैं खुद को उसके मूल्यों से जोड़ पाती हूं। मुझे विश्वास है कि दर्शकों को शो के इस नए दौर में मजा आएगा।”

कुशाग्र दुआ ने अपनी भूमिका पर टिप्पणी करते हुए कहा, “मैं गर्व के किरदार में एक नई दिशा लाने की कोशिश कर रहा हूं। वह सही भी है और गलत भी है, और इस द्वंद्व का परिणाम शो को और भी दिलचस्प बनाएगा। मुझे पूरा यकीन है कि मेरा यह किरदार दर्शकों को बहुत पसंद आएगा।”

‘प्रथाओं की ओढ़े चुनरी: बींदणी’ का यह जनरेशन लीप एक नई कहानी, नए चेहरों और भावनाओं के साथ दर्शकों को प्यार, परंपराओं और अहंकार के टकराव की एक नई झलक दिखाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *