Advertisement

सुशासन दिवस पर जिले भर के अधिकारियों एवं कार्मिकों ने ली सुशासन की शपथ

blank

अटल सेवा केंद्र में जिला स्तरीय कार्यक्रम, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंस से दिलाई शपथ

जोधपुर। पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस को गुरुवार को जिले में “सुशासन दिवस” के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर जिले भर के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों ने सुशासन की शपथ ली।

जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेट परिसर स्थित अटल सेवा केंद्र में हुआ, जहाँ राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेशभर के कार्मिकों को सुशासन की शपथ दिलाई। इस कार्यक्रम में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवासन, अतिरिक्त मुख्य सचिव अभय कुमार और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त सुनीता चौधरी, जिला कलक्टर (प्रथम) जवाहर चौधरी, अतिरिक्त जिला कलक्टर (द्वितीय) सुरेन्द्र सिंह राजपुरोहित, अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) उदयभानु चारण सहित अन्य जिले के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद थे। सभी ने स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र के सामने पुष्पांजलि अर्पित की और उनके विचारों पर चर्चा की।

कार्यक्रम में कार्मिकों से यह आह्वान किया गया कि वे शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाते हुए आमजन के कार्यों को प्राथमिकता से करें। जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने कहा, “हम सभी कार्मिक शासन व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। हमें अपने कर्तव्यों का निष्ठा और जिम्मेदारी से निर्वहन करना चाहिए, ताकि हम आमजन को राहत प्रदान कर सकें और सुशासन का उद्देश्य पूरा कर सकें।”

सुशासन सप्ताह के दौरान कई गतिविधियों का आयोजन
राज्य सरकार के निर्देशानुसार, 19 से 25 दिसंबर तक सुशासन सप्ताह मनाया गया था, जिसमें प्रशासन गांव की ओर शिविर, जिला स्तरीय कार्यशाला सहित कई अन्य गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इसी कड़ी में आज सुशासन दिवस का आयोजन किया गया।

कई सरकारी दफ्तरों में शपथ का आयोजन
सुशासन दिवस के मौके पर जिले के विभिन्न कार्यालयों जैसे सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय, सार्वजनिक निर्माण विभाग, जोधपुर विकास प्राधिकरण, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, पर्यटन विभाग, डीओआईटीसी विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय, और सैनिक कल्याण विभाग में भी शपथ ली गई। इन कार्यालयों में स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित की गई और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विचार-विमर्श किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *