Advertisement

सीनियर सिटीजंस के हकों के लिए लोक सेवा मंच का ‘मेगा मिशन-26 जनसंपर्क अभियान’ गोकलगढ़ में हुआ समर्थन से संपन्न”

blank

रेवाड़ी । लोक सेवा मंच के ‘मेगा मिशन-26 जनसंपर्क अभियान’ के तहत ऐतिहासिक गांव गोकलगढ़ में सीनियर सिटीजंस के हकों को लेकर लोगों ने एकजुट होकर समर्थन दिया। इस अभियान में मंच के पदाधिकारियों ने बुजुर्गों के अधिकारों और उनकी समस्याओं पर चर्चा की और सरकार से शीघ्र इन मुद्दों पर ध्यान देने की अपील की।

अशोक प्रधान और मंच के अन्य सदस्य महेश कौशिक, राम सिंह, दयाराम आर्य ने गोकलगढ़ गांव में बुजुर्गों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुना और मंच द्वारा उठाए जा रहे मुद्दों को उजागर किया। वरिष्ठ नागरिकों ने सीनियर सिटीजंस के लिए एक समर्पित रेजिडेंशियल सेक्टर, फ्री ओल्ड एज होम, मेडिकल सुविधाओं में सुधार और यात्री किरायों में छूट जैसे ज्वलंत मुद्दों पर सरकार से विचार करने की मांग की।

गांव के वरिष्ठ नागरिकों ने मंच के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि सीनियर सिटीजंस की समस्याएं शहरों और गांवों में समान रूप से हैं, और इन मुद्दों पर तत्काल ध्यान दिया जाना चाहिए। रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी रणजीत सिंह मित्तल, लक्ष्मण सिंह प्रजापति, और युवा व्यवसायी जतिन मित्तल ने इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लिया और आगंतुकों का स्वागत किया।

इस अभियान के दौरान सीनियर सिटीजंस की देखभाल और उनके अधिकारों को लेकर कई सुझाव सामने आए। जिला मुख्यालय से सटे गोकलगढ़ में आयोजित नुक्कड़ बैठक में अशोक प्रधान ने कहा कि सीनियर सिटीजंस की उचित देखभाल न केवल उनके व्यक्तिगत भले के लिए, बल्कि समाज के समग्र विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने इस दिशा में मंच के अभियान को और तेज करने का संकल्प लिया और कहा कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को इन मुद्दों पर पत्र भेजे जाएंगे।

अशोक प्रधान ने मंच के सभी सदस्यों और गांव के वरिष्ठ नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मंच का ‘मेगा मिशन-26 जनसंपर्क अभियान’ तब तक जारी रहेगा, जब तक सीनियर सिटीजंस के हक़ में परिवर्तन नहीं लाया जाता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *