Advertisement

सीआईएसएफ जवान ने पिता की हत्या की, दो अन्य घायल

blank

जोधपुर। जिले के पीपाड़ थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना घटी, जिसमें एक सीआईएसएफ जवान ने गुस्से में आकर अपने पिता की गेंती से हत्या कर दी। घटना गुरुवार सुबह की है जब हेड कांस्टेबल प्रकाश पिचकिया छुट्टी पर अपने घर आया था।

घर पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर पिचकिया का अपने पिता रामपाल से विवाद हो गया। गुस्से में आकर उसने खेतों में काम करने वाली गेंती उठाई और अपने पिता के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

जब शोर सुनकर पास में काम कर रहे कृषक कान सिंह और रिश्तेदार बलदेव राम वहां पहुंचे, तो आरोपी जवान ने उन पर भी हमला कर दिया। दोनों घायल हो गए और उन्हें पीपाड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना स्थल से खून से सने हथियार और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं।

आरोपी से पूछताछ में उसने खुद को देशभक्त बताया और अपने पिता को ‘गद्दार’ कहा, लेकिन हत्या का असली कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *