जागरूकता रैली, शपथ ग्रहण एवं गोदभराई-अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित
जोधपुर। नीति आयोग के आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम के तहत मंगलवार को पंचायत समिति शेरगढ़ में सम्पूर्णता अभियान 2.0 का भव्य शुभारम्भ किया गया। इस कार्यक्रम से पहले छात्रों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई, जिससे ग्रामीणों में अभियान के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन पंचायत समिति प्रधान श्रवण सिंह जोधा, उपखण्ड अधिकारी विक्रान्त शर्मा, मुख्य आयोजना अधिकारी मोहनराम पंवार और विकास अधिकारी धन सिंह महेचा ने दीप प्रज्वलन करके किया। इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में जोधपुर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स, जनप्रतिनिधियों और आम जनता को अभियान के तहत छह प्रमुख संकेतकों को संतृप्त करने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर गोदभराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिनमें शेरगढ़ के निवासियों की सक्रिय भागीदारी देखी गई। कार्यक्रम में विभिन्न विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ आम जन की भी भागीदारी रही। मंच संचालन सीडीपीओ विशनाराम ने किया और कार्यक्रम के समापन पर उपखण्ड अधिकारी शेरगढ़ ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।


Leave a Reply