जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल के निर्देशन में सभी डी.एल.ओ. की उपस्थिति अनिवार्य
जोधपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR 2026) के अंतर्गत मतदाता सूची से संबंधित ऑनलाइन प्रपत्र भरने के लिए एक विशेष सहायतार्थ प्रशिक्षण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन सोमवार को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर के सभागार में किया जाएगा।
अग्रवाल ने बताया कि इस शिविर में सभी विभागीय नोडल अधिकारी (DLOs) की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक डी.एल.ओ. अपने विभाग के अन्य संबंधित कार्मिकों को भी साथ लाएं ताकि सभी को ऑनलाइन प्रक्रिया की संपूर्ण जानकारी मिल सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारी एवं कार्मिक अपने साथ वर्तमान मतदाता पहचान पत्र (Voter ID), आधार संख्या तथा आधार पर पंजीकृत मोबाइल फोन (जिस पर OTP प्राप्त हो सके) लेकर आएं। यदि किसी के पास वर्ष 2002 में स्वयं का या माता-पिता का मतदाता पहचान पत्र रहा हो, तो उसकी प्रति या फोटो कॉपी भी साथ लाना उपयोगी रहेगा। अथवा 2002 SIR लिस्ट की भाग संख्या एवं सीरियल नंबर अपना या माता पिता या दादा दादी का लाएंगे तो प्रक्रिया और भी सरल हो जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यह प्रशिक्षण शिविर सभी अधिकारियों की जागरूकता एवं व्यावहारिक समझ के लिए आवश्यक है, क्योंकि शिविर के पश्चात प्रत्येक विभाग में इसी प्रक्रिया के तहत अपने कार्मिकों के ऑनलाइन प्रपत्र भरवाने के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे।


Leave a Reply