मतदाता अब स्वयं voters.eci.gov.in पर भर सकेंगे Enumeration Form
जोधपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर गौरव अग्रवाल ने अवगत करवाया है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के अंतर्गत मतदाताओं द्वारा परिगणना प्रपत्र (Enumeration Form – EF) भरने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
अब मतदाता स्वयं voters.eci.gov.in पोर्टल पर जाकर यह प्रपत्र भर सकते हैं। पोर्टल पर मतदाता अपने मोबाइल नंबर, ईपीआईसी (एपिक) कार्ड नंबर या ई-मेल आईडी के माध्यम से पंजीकरण कर लॉगिन प्राप्त कर सकते हैं। पंजीकरण के उपरांत संबंधित मतदाता अपने विवरण दर्ज कर ऑनलाइन परिगणना प्रपत्र भर सकते हैं।
ऑनलाइन परिगणना प्रपत्र भरने के लिए आवश्यक दस्तावेज और शर्तें
अग्रवाल ने बताया कि ऑनलाइन परिगणना प्रपत्र भरने के लिए कुछ न्यूनतम आवश्यकताएं निर्धारित की गई हैं। इसके अंतर्गत मतदाता के पास आधार कार्ड और मतदाता पहचान संख्या (EPIC Number) होना आवश्यक है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि मतदाता का मोबाइल नंबर उसके ईपीआईसी (EPIC) नंबर से लिंक हो। यदि मोबाइल नंबर लिंक नहीं है, तो मतदाता फॉर्म-8 भरकर मोबाइल नंबर अपडेट कर सकता है।
उन्होंने यह भी बताया कि मतदाता के आधार कार्ड और ईपीआईसी (EPIC) कार्ड में अंकित नाम समान होना अनिवार्य है। प्रपत्र भरते समय मतदाता को अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो साथ रखना होगा। इस प्रक्रिया में मतदाता स्वयं या अपने माता-पिता अथवा दादा-दादी के नाम से मैपिंग (Mapping) भी कर सकता है, जिसके लिए वर्ष 2002 की मतदाता सूची में संबंधित परिवार सदस्य के विधानसभा क्षेत्र, भाग संख्या और क्रम संख्या की जानकारी आवश्यक होगी।
वर्ष 2002 की मतदाता सूची तक आसान ऑनलाइन पहुँच
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2002 की मतदाता सूची election.rajasthan.gov.in पोर्टल पर उपलब्ध है। मतदाता वहां “Search your name in last SIR” विकल्प के माध्यम से अपने या अपने परिवार के नाम की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं, जिससे मैपिंग प्रक्रिया सरल हो जाती है।
बीएलओ के माध्यम से भी जमा किए जा सकेंगे प्रपत्र
अग्रवाल ने बताया कि जो मतदाता उपरोक्त मानदंडों के अनुरूप ऑनलाइन प्रपत्र नहीं भर पा रहे हैं, वे अपने संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) के माध्यम से भी परिगणना प्रपत्र जमा कर सकते हैं। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे इस प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लें, अपने विवरणों की सत्यता सुनिश्चित करें तथा विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।


Leave a Reply