विधिक सेवा दिवस पर केन्द्रीय कारागृह में जागरूकता शिविर का आयोजन
जोधपुर।राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जारी माह नवम्बर के एक्शन प्लान अनुसार पूरण कुमार शर्मा, अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जोधपुर एवं डॉ. मनीष हरजाई, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विधिक सेवा दिवस के अवसर पर केन्द्रीय कारागृह, जोधपुर में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
पूरण कुमार शर्मा द्वारा उपस्थित बंदियों, जेल अधिकारी एवं कर्मचारियों आदि को संबोधित करते हुए इस दिवस की महत्ता बतायी कि इसी दिवस को न्याय सबके लिए’ का मुख्य लक्ष्य निर्धारित कर विधिक सेवा अधिनियम लागू किया गया। उन्होंने बताया कि कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित नहीं रहे, इसी ध्येय के साथ विधिक सेवा अधिनियम बना तथा उसके क्रम में राष्ट्रीय, राज्य, जिला एवं तालुका स्तर पर विधिक सेवा संस्थाओं का गठन किया गया। इन संस्थाओं के माध्यम से सम्पूर्ण राष्ट्र के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पात्र व्यक्तियों तक न्याय की पहुंच बढ़ाने, न्याय संबंधी जागरूकता बढाने तथा विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं की जागरूकता बढ़ाने का कार्य निरंतर किया जाता है।
डॉ. हरजाई ने बताया कि विधिक सेवा सप्ताह ( 09 नवंबर से 15 नवंबर) के अवसर पर जोधपुर जिला न्यायक्षेत्र में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जोधपुर जिला के तत्वावधान में मुख्यालय, तहसील, ब्लॉक तथा विद्यालयों में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर लगाए जाएंगे। साथ ही तहसील व ब्लॉक स्तर पर जागरूकता रैलियों का आयोजन किया जाएगा, जिनके माध्यम से आमजन को उनके विधिक अधिकारों और विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विधिक जानकारी पहुंचाना है। ताकि कोई भी नागरिक अपने अधिकारों से वंचित न रहे और न्याय तक सबकी पहुंच सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर पूरण कुमार शर्मा, जिला एवं सेशन न्यायाधीश, जोधपुर जिला, डॉ. मनीष हरजाई, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जोधपुर जिला, राकेश रामावत, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जोधपुर महानगर, प्रदीप लखावत, अधीक्षक, केन्द्रीय कारागृह, जोधपुर द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जोधपुर जिला द्वारा तैयार करवाये गये पैम्फलेट ‘निःशुल्क विधिक सहायता, निःशुल्क विधिक सलाह एवं विधिक साक्षरता’ का विमोचन किया गया।


Leave a Reply