एक स्वर – एक लय – एक भावना : “वंदे मातरम्” का सामूहिक गान होगा ऐतिहासिक
जोधपुर। राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जोधपुर जिले में देशभक्ति, स्वदेशी और राष्ट्रीय एकता की भावना को समर्पित विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला 7 नवम्बर को आयोजित की जाएगी।
जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने बताया कि जिला-स्तरीय मुख्य कार्यक्रम मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर, जोधपुर में आयोजित होगा। समारोह की शुरुआत प्रातः 8.15 बजे शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि एवं पुष्पांजलि अर्पण से होगी। इसके पश्चात 8.30 बजे पीडब्ल्यूडी सर्कल से विवेकानंद स्टैच्यू – संवित सर्कल – शहीद स्मारक – नगर निगम कार्यालय से गुजरते हुए मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर तक भव्य प्रभात फेरी एवं बाइक रैली निकाली जाएगी।
मुख्य मंच पर “एक स्थान – एक समय – एक गीत: वंदे मातरम्” थीम के तहत सामूहिक राष्ट्रगान-सदृश ‘वंदे मातरम्’ का समूह गायन होगा। साथ ही विद्यार्थियों, शिक्षकों व कलाकारों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन हेतु विभिन्न विभागों के अधिकारियों को प्रभारी अधिकारी नामित किया गया है।
जिला कलक्टर ने बताया कि जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर भी विद्यालयों, महाविद्यालयों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संस्थाओं की सहभागिता से विशेष आयोजन होंगे। राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन के साथ रन, रैली और सेवा कार्य आयोजित किए जाएंगे, जिससे देशभक्ति और स्वदेशी भावना को जन-जन तक पहुँचाया जा सके।


Leave a Reply