Advertisement

भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में 14 नवम्बर को विविध कार्यक्रम होंगे आयोजित

जोधपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में पूरे प्रदेश में मनाए जा रहे जनजातीय गौरव वर्ष पखवाड़ा के अंतर्गत जोधपुर जिला कल 14 नवम्बर, शुक्रवार को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को समर्पित विविध कार्यक्रमों का भव्य आयोजन करेगा।

जिला एवं ब्लॉक स्तर पर होने वाले इन कार्यक्रमों का उद्देश्य जनजातीय साहित्य, संस्कृति, कला, इतिहास एवं भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को जन-जन तक पहुँचाना है।
इसी क्रम में जोधपुर में जिला स्तरीय प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जनजातीय कला, संस्कृति, हस्तशिल्प, इतिहास और सामाजिक विरासत से संबंधित सामग्री का प्रदर्शन होगा। lइन आयोजनों के माध्यम से जनजातीय आत्मनिर्भरता, स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा।

जनजातीय गौरव वर्ष पखवाड़ा के अंतर्गत पूरे शहर में राजकीय भवनों एवं प्रमुख चौराहों पर आकर्षक रोशनी व्यवस्था भी की गई है, जिससे शहर भर में उत्सवी माहौल निर्मित होगा और जनजातीय संस्कृति एवं गौरव का संदेश दृश्यात्मक रूप में दिखाई देगा।

इसके साथ ही जिले के सभी महाविद्यालयों, विद्यालयों एवं जनजाति छात्रावासों में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, समाज सुधारक भूमिका और उनके योगदान पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इन फिल्मों के माध्यम से विद्यार्थी और युवा वर्ग बिरसा मुंडा की प्रेरक विरासत, जनजातीय स्वाभिमान और स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी ऐतिहासिक भूमिका के बारे में जानेंगे।

जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा ने बताया कि इन सभी कार्यक्रमों का उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को केवल एक स्मरण दिवस के रूप में नहीं, बल्कि सांस्कृतिक चेतना, जन-जागरूकता और सामाजिक समरसता के उत्सव के रूप में मनाना है। आमजन से अधिकतम सहभागिता का आह्वान किया गया है ताकि जनजातीय गौरव वर्ष की भावना पूरे जिले में व्यापक रूप से प्रसारित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *