जोधपुर | जोधपुर के बावड़ी कस्बे के पास हरढाणी गांव में बिरमाराम बांता के घर मंगलवार शाम शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब एक ही घर में दो सिलेंडर ब्लास्ट हो गए। हादसे में दूल्हे समेत 13 लोग झुलस गए। घायलों में 9 को जोधपुर एमडीएम अस्पताल और 3 को एमजीएच में भर्ती कराया गया है, जिनमें 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, हरढाणी निवासी महेंद्र की 15 नवंबर को शादी होनी है। शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान घर के समीप निर्माणाधीन हिस्से में गैस वेल्डिंग का काम किया जा रहा था। तभी वेल्डिंग से निकली चिंगारी पास में रखे सिलेंडर पर गिर गई और देखते ही देखते दो सिलेंडर एक के बाद एक ब्लास्ट हो गए। धमाका इतना तेज था कि आसपास का इलाका दहल उठा और घर की दीवारें दरक गईं।
ASP भोपालसिंह लखावत ने बताया कि हादसे के वक्त कंस्ट्रक्शन साइट पर गैस वेल्डिंग हो रही थी। अचानक चिंगारी उछलने से सिलेंडर में आग लग गई, जिससे दो ब्लास्ट हुए। हादसे की सूचना पर खेड़ापा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों में छोटू सिंह, अजमाल सिंह, दिनेश, राकेश (सेवकी कल्ला), बुधाराम, गणपत राम, ओमाराम, रामदास, सुनील, पूसाराम और महिपाल सहित कुल 13 लोग शामिल हैं। तीन को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
घायल गणपत राम ने बताया कि धमाके के समय सब कुछ धुएं में घिर गया। “पता ही नहीं चला कि क्या फटा — सीएनजी टंकी या सिलेंडर। तेज धमाके के साथ पत्थर जैसे कुछ चीजें गिरीं, और फिर कुछ समझ नहीं आया।”
बताया जा रहा है कि राजस्थान में पिछले तीन दिनों में यह तीसरा बड़ा सिलेंडर हादसा है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।


Leave a Reply