विकसित जोधपुर के लिए जन-सुझावों पर आधारित बजट की तैयारी — प्रभारी मंत्री मदन दिलावर
जोधपुर। जिला प्रभारी एवं शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के समग्र एवं संतुलित विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी बजट में जोधपुर जिले के सर्वांगीण विकास के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं रखी जाएगी।
मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित जिला स्तरीय बजट सुझाव संवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मदन दिलावर ने कहा कि इस संवाद का मुख्य उद्देश्य जनसाधारण से जुड़े संगठनों, विशेषज्ञों और जनप्रतिनिधियों के सुझावों को बजट में शामिल कर जनोन्मुखी विकास योजनाओं का निर्माण करना है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश की सरकार ने पिछले दो वर्षों में बजट के माध्यम से प्रत्येक वर्ग के कल्याण और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, और आगामी बजट में भी इस दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में विभिन्न संगठनों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, आधारभूत संरचना, हैंडीक्राफ्ट उद्योग, सूचना प्रौद्योगिकी, पेयजल व्यवस्था, रोजगार सृजन और ग्रामीण-शहरी विकास से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए। प्रभारी मंत्री ने इन सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि राज्य सरकार इन सुझावों को आगामी बजट में समाहित करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, बिलाड़ा विधायक अर्जुन लाल गर्ग, त्रिभुवन सिंह भाटी, जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।


Leave a Reply