Advertisement

प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित किया जाए – उप जिला निर्वाचन अधिकारी

blank

जोधपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जोधपुर जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR 2026) का कार्य प्रारंभ हो गया है। इस क्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिला कलेक्टर प्रथम जवाहर चौधरी ने शनिवार को अपने कक्ष में विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा, प्रक्रिया और आवश्यक दिशानिर्देश साझा किए।

उन्होंने बताया कि इस विशेष पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा सूची पूरी तरह से अद्यतन, शुद्ध और त्रुटि-मुक्त रहे। उन्होंने कहा कि बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) द्वारा वर्तमान में SIR 2002 की मतदाता सूची से मतदाताओं के विवरण की मैपिंग का कार्य किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक मतदाता का सही और प्रमाणित विवरण उपलब्ध हो सके।

चौधरी ने बताया कि SIR 2026 के सफल संचालन में बीएलए-2, समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों का सक्रिय सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आमजन को जागरूक करने और उन्हें बीएलओ को आवश्यक जानकारी प्रदान करने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। बैठक के दौरान उन्होंने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से एन्यूमरेशन फॉर्म भरने की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाई और यह सामग्री उपस्थित जनों को उपलब्ध करवाई ताकि वे इस प्रक्रिया की जानकारी आगे तक पहुँचा सकें।

घर-घर सत्यापन में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक

  • मतदाता पहचान पत्र और पारिवारिक विवरण रखें तैयार

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले के सभी बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी एकत्र कर रहे हैं। इस दौरान नागरिकों से अपेक्षा की गई है कि वे अपने और अपने परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी सही-सही उपलब्ध कराएं, और अपने वोटर आईडी (EPIC) कार्ड और हाल की रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो तैयार रखें, तथा बीएलओ द्वारा दिए गए प्रपत्र में सटीक विवरण भरकर हस्ताक्षर या अंगूठे का निशान लगाएं।

उन्होंने कहा कि मतदाता अपने परिवार के वरिष्ठ सदस्यों की जानकारी, जैसे माता-पिता या दादा-दादी के नाम और उनसे संबंध की जानकारी भी साझा करें क्योंकि वर्तमान 2025 की मतदाता सूची में जिन मतदाताओं के नाम दर्ज हैं, उनकी मैपिंग 2002 की मतदाता सूची से की जा रही। इसके लिए आवश्यक है कि मतदाता 2002 की मतदात सूची में स्वयं का या अपने माता पिता का ,या अपने दादा दादी का नाम अंकित होने की जानकारी BLO को दें, जिससे उनके एपिक नंबर , विधानसभा का नाम, भाग संख्या आदि की जानकारी अपने BLO को दें ताकि 2025 की मतदाता सूची से 2002 की मतदाता सूची का विवरण मैप कर सकें।

उन्होंने इस बात पर बल दिया कि यह एक सामूहिक जिम्मेदारी है और नागरिकों के सहयोग से ही मतदाता सूची को त्रुटिरहित रूप में तैयार किया जा सकता है।

पुरानी सूची से मैपिंग न होने पर जटिल हो सकती है प्रक्रिया

  • 9 दिसम्बर के बाद पात्रता प्रमाण के लिए आवश्यक होंगे अतिरिक्त दस्तावेज

चौधरी ने बताया कि यदि किसी मतदाता का नाम पिछली मतदाता सूची (SIR 2002) से मैप नहीं हो पाया है, तो उसे विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में 9 दिसम्बर के बाद पात्रता प्रमाणित करने के लिए अतिरिक्त दस्तावेज प्रस्तुत करने की आवश्यकता पड़ सकती है, जिससे प्रक्रिया जटिल हो सकती है। वर्तमान में बीएलओ के माध्यम से मैपिंग सुनिश्चित कर यह कार्य सरलता से किया जा सकता है।

उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे बीएलओ को परिवार के वरिष्ठ सदस्यों के नाम, 2002 की मतदाता सूची में अंकित विवरण, EPIC नंबर (यदि उपलब्ध हों) और संबंधों की जानकारी अवश्य दें ताकि पुराने अभिलेखों से तुलना कर सटीक मैपिंग पूरी की जा सके।

निर्वाचन विभाग की वेबसाइट से अब स्वयं भर सकेंगे ऑनलाइन फॉर्म

  • मतदाता सेवा पोर्टल पर उपलब्ध है जानकारी संशोधन और सत्यापन की सुविधा

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अब मतदाता स्वयं भी भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ पर जाकर अपनी या अपने परिवार के किसी सदस्य की जानकारी देख सकते हैं । यह सुविधा मतदाताओं के लिए अत्यंत उपयोगी है, जिससे उन्हें बीएलओ पर निर्भर हुए बिना अपनी जानकारी अद्यतन करने का अवसर मिलेगा।

चौधरी ने कहा कि मतदाता सूची का यह विशेष पुनरीक्षण लोकतंत्र की सुदृढ़ नींव है। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों एवं समाजसेवियों से अपील की कि वे इस अभियान में पूर्ण सहयोग प्रदान करें ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और आगामी निर्वाचन में सभी नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को सशक्त बना सकें।

बैठक में इनकी रही उपस्थिति


बैठक में महामंत्री भारतीय जनता पार्टी प्रतिपाल सिंह वालेचा, ब्लॉक अध्यक्ष महामंदिर इंडियन नेशनल कांग्रेस हेम सिंह गहलोत, जिला अध्यक्ष उत्तर इंडियन नेशनल कांग्रेस सलीम खान, ब्लॉक अध्यक्ष, इंडियन नेशनल कांग्रेस अख्तर खान, जिला अध्यक्ष दक्षिण इंडियन नेशनल कांग्रेस नरेश जोशी, इंडियन नेशनल कांग्रेस से रामनिवास गोदारा, सचिव इंडियन नेशनल कांग्रेस महेंद्र सिंह परिहार, इंडियन नेशनल कांग्रेस से वसीम खान, संगठन महासचिव इंडियन नेशनल कांग्रेस डॉ राकेश चौधरी, संगठन मंत्री इंडियन नेशनल कांग्रेस ओमकार वर्मा, जिला सचिव डीसीसी कांग्रेस अकमुद्दीन खान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *