जयपुर। राजस्थान पुलिस अकादमी में सोमवार को आयोजित ‘ऑल वुमेन दीक्षांत परेड’ में महिला कॉन्स्टेबलों और उनके प्रशिक्षकों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इस दौरान प्रशिक्षु महिला कॉन्स्टेबल कोमल चौधरी ने तीन अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार जीतकर नया रिकॉर्ड बनाया। इसके साथ ही पुलिस निरीक्षक रजनी मीणा और मीना वर्मा को सर्वश्रेष्ठ इंडोर प्रशिक्षक के रूप में सम्मानित किया गया।
सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षु: कोमल चौधरी और ममता जांगू
बैच संख्या 98 में पीटीसी जयपुर की प्रशिक्षु कॉन्स्टेबल कोमल चौधरी ने ‘ऑल राउण्डर’, ‘इंडोर’ और ‘कंप्यूटर’ विषय में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। वहीं, बैच संख्या 99 में भरतपुर जिले की प्रशिक्षु ममता जांगू ने ‘ऑल राउण्डर’ और ‘इंडोर’ में सर्वोत्तम प्रदर्शन किया।
इसके अलावा, बैच 98-99 की अन्य महिला प्रशिक्षु कॉन्स्टेबलों ने भी विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्टता प्राप्त की। खुशी कुमारी ने ‘ड्रिल’ और ‘आउटडोर’ में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, जबकि रोमिका शर्मा ने ‘फायरिंग’ में सर्वोत्तम प्रदर्शन किया। बैच 99 की किरण सैन ने ‘आउटडोर’ में, और संजना चेतीवाल ने ‘फायरिंग’ में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। अन्य सम्मानित प्रशिक्षु महिला कॉन्स्टेबलों में लक्ष्मी यादव (ड्रिल), कनिष्का खटीक (कंप्यूटर) शामिल थीं।
उत्कृष्ट प्रशिक्षकों को मिला सम्मान
इस सफलता के पीछे अकादमी के प्रशिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्हें भी इस सम्मान समारोह में ‘प्रशंसा पत्र’ देकर सम्मानित किया गया। बैच 98 के लिए पुलिस निरीक्षक रजनी मीणा को ‘इंडोर’ प्रशिक्षक के रूप में सम्मानित किया गया, जबकि बैच 99 के लिए पुलिस निरीक्षक मीना वर्मा को ‘इंडोर’ में उत्कृष्ट प्रशिक्षक के रूप में सम्मानित किया गया।
डीजीपी की बधाई
राजस्थान पुलिस के डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने सभी पुरस्कार विजेताओं और उनके प्रशिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये महिलाएं अपने पूरे सेवाकाल में इसी प्रकार उत्कृष्टता के साथ कार्य करती रहेंगी और समाज में महिला सशक्तीकरण का आदर्श प्रस्तुत करेंगी।


Leave a Reply