भिवाड़ी। तिजारा विधायक महंत बालक नाथ ने भिवाड़ी के रिको गेस्ट हाउस में आयोजित जनसुनवाई में शहर की कई महत्वपूर्ण समस्याओं पर चर्चा की। जनसुनवाई में जनता ने अपनी समस्याएं विधायक के सामने रखीं और कई मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई के लिए विधायक ने सरकारी अधिकारियों को निर्देश दिए।
इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी मंडल भिवाड़ी के आईटी सेल के अध्यक्ष एवं पूर्व भाजपा पार्षद उम्मीदवार दिनेश बेदी ने विधायक के सामने एक महत्वपूर्ण समस्या उठाई। उन्होंने भिवाड़ी धारूहेड़ा बाईपास में पानी निकासी की समस्या को लेकर अवैध रैंप निर्माण का मुद्दा उठाया, जिसके कारण आम जनता को भिवाड़ी जाने में कठिनाई हो रही थी। इस समस्या से निजात पाने के लिए उन्होंने खानपुर चौक से धारूहेड़ा तक लिंक रोड को चौड़ा करने की मांग की।
दिनेश बेदी ने बताया कि करीब 800 मीटर लंबी यह सड़क, वर्तमान में बीड़ा द्वारा सिर्फ तीन मीटर चौड़ी बनाई गई है, जबकि कागजों में इसका आकार 18 मीटर दिखाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि सड़क को चौड़ा कर दिया जाता है, तो गाड़ियों का आवागमन बहुत आसान हो जाएगा और यह सड़क भिवाड़ी धारूहेड़ा की जनता के लिए एक महत्वपूर्ण वैकल्पिक मार्ग के रूप में काम करेगी।
विधायक महंत बालक नाथ ने इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार किया और उन्हें आश्वस्त किया कि अगली बीड़ा मीटिंग में इस लिंक रोड को चौड़ा करने के विषय पर चर्चा की जाएगी और जल्द ही इसका समाधान निकालने की कोशिश की जाएगी।
जनसुनवाई में भाजपा के अन्य गणमान्य नेताओं की भी उपस्थिति रही, जिनमें मंडल अध्यक्ष नरेंद्र खटाना, अलवर उत्तर जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष अभय भूरा, महामंत्री राहुल राजपूत, जिला मंत्री कंचन तिवारी, होराम प्रधान, सुभाष जोशी, मनजीत सिंह, संजय करहाना, श्योराज दायमा, गगन तंवर, वीर सिंह, और सुजीत पांडे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
विधायक महंत बालक नाथ ने इस मौके पर जनता को विश्वास दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान जल्द ही किया जाएगा और भिवाड़ी में यातायात की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए उचित कदम उठाए जाएंगे।


Leave a Reply