डिजिटल मीटर में छेड़छाड़ कर अवैध तरीके से बिजली चोरी
बावड़ी क्षेत्र में मोहम्मद वकार पर मामला दर्ज, अवैध उपकरण जब्त
जोधपुर | डिस्कॉम की प्रवर्तन शाखा ने मंगलवार तड़के एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बावड़ी क्षेत्र में बिजली चोरी का भंडाफोड़ किया। टीम को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि क्षेत्र में कुछ उपभोक्ता डिजिटल मीटर में छेड़छाड़ कर अवैध तरीके से बिजली का उपयोग कर रहे हैं।
सहायक अभियंता शिवकुमार यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने जानकारी जुटाई और मुखबिर से मिले सुराग के आधार पर कार्रवाई की योजना बनाई। जानकारी के अनुसार मोहम्मद बकर नामक व्यक्ति अपने दुकान पर लगे डिजिटल मीटर में अवैध सर्किट लगाकर मीटर की रीडिंग को प्रभावित कर रहा था। जांच में सामने आया कि आरोपी द्वारा मीटर के अंदर अतिरिक्त उपकरण फिट कर बिजली का उपयोग किया जा रहा था, जिससे खपत की वास्तविक मात्रा रजिस्टर नहीं हो रही थी।
टीम ने गुप्त निगरानी कर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा। इस दौरान आरोपी ने कथित तौर पर मीटर लगाने और छेड़छाड़ छिपाने के एवज में ₹7500 की रिश्वत देने की पेशकश भी की। हालांकि, डिस्कॉम टीम ने रिश्वत अस्वीकार करते हुए पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में उसे पकड़ लिया।
विद्युत चोरी निरोधक थाना पुलिस और प्रवर्तन टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई में मौके से अवैध उपकरण को हटाकर सील किया गया और मीटर सहित अन्य साक्ष्यों को जब्त कर लिया गया। प्रारंभिक जांच के अनुसार मोहम्मद बकर द्वारा करीब 3200 यूनिट बिजली चोरी की गई थी, जिसकी अनुमानित कीमत ₹55,407 बताई जा रही है।
डिस्कॉम अधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत मामला दर्ज करवा दिया है। जब्त किए गए मीटर और उपकरण को थाने में जमा कराया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
सहायक अभियंता शिवकुमार यादव ने बताया कि बिजली चोरी से विभाग को भारी नुकसान होता है और ईमानदार उपभोक्ताओं पर भी अतिरिक्त बोझ पड़ता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में डिस्कॉम की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा


Leave a Reply