जोधपुर ग्रामीण। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डीएसटी जोधपुर ग्रामीण और पुलिस थाना खेड़ापा ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक सफेद रंग की स्वीफ्ट कार से 68.790 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त जब्त कर आरोपी बुधाराम को गिरफ्तार किया है।
उप महानिरीक्षक पुलिस सह जिला पुलिस अधीक्षक जोधपुर ग्रामीण नारायण टोगस ने बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित विशेष “एरिया डोमिनेशन” अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भोपालसिंह लखावत एवं वृताधिकारी भोपालगढ़ भूराराम खिलेरी के सुपरविजन में तथा डीएसटी प्रभारी श्रवणकुमार भंवरिया के नेतृत्व में टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया।
सूचना पर की गई त्वरित नाकाबंदी
दिनांक 01 मार्च 2026 को डीएसटी के कानि. मुकनसिंह को सूचना मिली कि बुधाराम पुत्र खेताराम जाट निवासी जाखण, थाना मतोड़ा जिला फलोदी, एक सफेद रंग की स्वीफ्ट कार (नंबर एमपी-09 डब्ल्यूसी 7157) में भारी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त लेकर जोधपुर-नागौर हाईवे से गुजर रहा है।
सूचना मिलते ही डीएसटी टीम ने संदिग्ध वाहन का पीछा शुरू किया और सामने से नाकाबंदी के लिए थाना खेड़ापा को अलर्ट किया गया। सरहद बावड़ी में नागौर-जोधपुर हाईवे स्थित वीर तेजा होटल एंड रेस्टोरेंट के सामने पुलिस ने सरकारी वाहन लगाकर कार को रुकवाया और घेराबंदी की।
3 कट्टों में मिला अवैध डोडा पोस्त
थानाधिकारी खेड़ापा लाखाराम मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। वाहन चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम बुधाराम पुत्र खेताराम जाट निवासी जाखण बताया। तलाशी के दौरान कार में रखे तीन प्लास्टिक के कट्टों में कुल 68.790 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ।
पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ व कार को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पुलिस थाना खेड़ापा में मामला दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान थानाधिकारी ओसियां द्वारा किया जा रहा है।
इन पुलिसकर्मियों को किया जाएगा सम्मानित
इस सफल कार्रवाई में डीएसटी प्रभारी श्रवणकुमार भंवरिया, हैडकानि. विरेन्द्र चौधरी, हैडकानि. मदन मीणा, मुकनसिंह (विशेष भूमिका), हरेन्द्र लोहरा, चुतराराम, पप्पूराम तथा थाना स्तर पर लाखाराम नि.पु., सउनि अशोक चौधरी, धर्मेन्द्र, महेन्द्र और कन्हैयालाल की अहम भूमिका रही। जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी टीम सदस्यों को पुरस्कृत किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।


Leave a Reply