जोधपुर । जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस और डीएसटी (डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम) की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य तस्कर ललित सीरवी और दिलजीत पूनियां को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 05 पिस्टल, 05 मैगजीन, 05 कारतूस और ₹1,48,500 नगद जब्त किए गए हैं। यह कार्रवाई बिलाड़ा बाईपास पर की गई, जहां तस्कर हथियारों की खरीद-फरोख्त करने के लिए जमा हुए थे।
मुख्य तस्कर गिरफ्तार, बड़ी मात्रा में हथियार बरामद
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। डीएसटी प्रभारी श्रवणकुमार भवंरिया और बिलाड़ा थाने के एसएचओ सवाईसिंह की अगुवाई में यह ऑपरेशन सफल रहा। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जयपुर-जोधपुर हाईवे पर बिलाड़ा बाईपास के पास तस्कर ललित सीरवी और दिलजीत पूनियां अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार किया और तलाशी के दौरान उनके पास से पिस्टल, मैगजीन, कारतूस और भारी मात्रा में नगद पैसे बरामद किए।
विरुद्ध कार्यवाही
पुलिस ने तस्करों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है और आगे की जांच जारी है। डीएसटी प्रभारी और थाना बिलाड़ा की टीम द्वारा इस ऑपरेशन में अहम भूमिका निभाई। जोधपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस ने पुलिस टीम के सदस्यों की सराहना की और कहा कि इस तरह की कार्रवाई से अवैध हथियारों की तस्करी पर लगाम लगाना संभव होगा।
पुलिस की अपील:
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी और उपयोग से दूर रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध लेन-देन के बारे में पुलिस को सूचना दें और सामाजिक मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने से बचें।
गिरफ्तार आरोपी:
- ललित सीरवी (पुत्र देवाराम), निवासी खारिया मीठापुर, थाना बिलाड़ा।
- दिलजीत पूनियां (पुत्र रामकिशोर), निवासी पिचियाक, थाना बिलाड़ा।
सशक्त पुलिस टीम:
इस ऑपरेशन में डीएसटी प्रभारी श्रवणकुमार भंवरिया, हैडकानि. विरेन्द्र चौधरी, हैडकानि. मदन मीणा और बिलाड़ा थाना पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जिसे जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मानित किया जाएगा।


Leave a Reply