गांजा के 18 पौधे और अफीम के 438 पौधे जब्त, विशेष अभियान के तहत हुई कार्रवाई
जोधपुर। जोधपुर ग्रामीण जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डीएसटी (जिला स्पेशल टीम) और पुलिस थाना आसोप ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गांजा और अफीम की अवैध खेती करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई में 18 गांजे के पौधे और 438 अफीम के पौधे जब्त किए गए हैं।
पुलिस उप महानिरीक्षक और जिला पुलिस अधीक्षक जोधपुर ग्रामीण नारायण टोगस ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इस पर जिले के सभी थानाधिकारियों और जिला विशेष टीम को प्रभावी कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया था। इसी संदर्भ में, 16 फरवरी 2026 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भोपालसिंह लखावत के नेतृत्व में, और भूराराम खिलेरी वृताधिकारी वृत भोपालगढ़ की निगरानी में, पुलिस ने ग्राम ढंढौरा के सरहद में अवैध खेती का भंडाफोड़ किया।
जोगाराम और जीवणराम ने अपनी जीरे और गेहूं की फसलों के बीच अवैध रूप से अफीम और गांजे की खेती की थी। इस पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया और एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों में जोगाराम पुत्र मोटाराम और जीवणराम पुत्र चेलाराम शामिल हैं, जो ढंढौरा गांव के निवासी हैं।
इस अभियान में जिला विशेष टीम प्रभारी श्रवणकुमार भंवरीया, हैडकानि मोहनराम, मुकनसिंह, हरेन्द्र लोहरा, अशोक भाटी, सोहनराम, चुतराराम और थाना आसोप से थानाधिकारी सुरेन्द्र कुमार दुगस्तावा, कानि. रामकिशोर भरोला, किशन, सुमेरसिंह की अहम भूमिका रही। इन सभी पुलिसकर्मियों को जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
सूचना देने के लिए संपर्क करें:
जिला जोधपुर ग्रामीण क्षेत्र में किसी भी अवैध गतिविधि या मादक पदार्थों की सूचना देने के लिए लोग जिला कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 8094239100 पर संपर्क कर सकते हैं। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।


Leave a Reply