खैरथल-तिजारा।ग्रीष्मकाल के दौरान पेयजल संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए खैरथल जिले में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यह जानकारी अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट ने साप्ताहिक समीक्षा बैठक के दौरान दी। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल पर लंबित परिवादों का समयबद्ध निस्तारण करने और आमजन को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागवार पेंडेंसी की समीक्षा करते हुए 30 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों को शीघ्र निस्तारित करने को कहा। साथ ही टाइमलाइन के अनुसार शिकायतों के समाधान नहीं होने पर असंतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में उन्होंने कहा कि सभी शिकायतों का समाधान गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक जिला स्तरीय अधिकारी को प्रतिदिन कम से कम दो शिकायतकर्ता परिवारों से फोन पर संवाद कर फीडबैक लेने और उसका रिकॉर्ड रखने के निर्देश भी दिए गए।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने सभी विभागाध्यक्षों को अपने विभाग से संबंधित बजट घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विस्तृत कार्ययोजना (एक्शन प्लान) तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि ग्रीष्मकाल 2026 के दौरान पेयजल व्यवस्था की निगरानी और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) द्वारा जिला स्तरीय कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। यह कंट्रोल रूम अधीक्षण अभियन्ता, पीएचईडी वृत खैरथल के कार्यालय परिसर, किशनगढ़बास नया बस स्टैण्ड के पास 1 मार्च 2026 से संचालित हो रहा है।
आमजन पेयजल संबंधी शिकायतें दूरभाष नंबर 01460-298735 तथा व्हाट्सएप नंबर 7374917525 पर दर्ज करवा सकते हैं।
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि कंट्रोल रूम में कर्मचारियों की ड्यूटी तीन शिफ्टों में लगाई गई है, ताकि 24 घंटे शिकायतों की मॉनिटरिंग हो सके। कंट्रोल रूम के प्रभारी सहायक अभियंता सीताराम सैनी तथा सह-प्रभारी अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी अशोक कुमार मीणा को नियुक्त किया गया है।
अधिकारियों ने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को तुरंत संबंधित अभियंता तक पहुंचाकर उसका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा सभी शिकायतों का रिकॉर्ड संधारित किया जाए। दूरभाष पर संवाद करते समय मृदुभाषी व्यवहार रखते हुए “नमस्कार कंट्रोल रूम पीएचईडी खैरथल” कहकर वार्ता प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बैठक में समाज कल्याण अधिकारी रमेश देहमिवाल, कोषाधिकारी सुरेश कुमार बंसल, पीएचईडी अभियंता धर्मवीर यादव, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता ओमप्रकाश किराड, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के उपनिदेशक वीरेंद्र त्यागी, कृषि अधिकारी गोपाल लाल मीणा, सहायक निदेशक कोऑपरेटिव वेद प्रकाश सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a Reply