जोधपुर । जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने कहा कि जिला स्तरीय राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस समारोह 2026 इस वर्ष भी उम्मेद स्टेडियम में हर्षोल्लास और पारंपरिक तरीके से मनाया जाएगा। उन्होंने इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय और निर्धारित जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए कार्य करने की सलाह दी।
आज मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित बैठक में अग्रवाल ने सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को गणतंत्र दिवस समारोह से संबंधित विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि वे समारोह को गरिमामय ढंग से आयोजित करने के लिए आपस में सामंजस्य बनाए रखें। साथ ही, राष्ट्रीयता की भावना को उजागर करने वाले कार्यक्रमों को शामिल करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय सुरेन्द्र सिंह पुरोहित ने जिला स्तरीय समारोह की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि मुख्य अतिथि द्वारा प्रातः 9:05 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद सामूहिक राष्ट्रगान, सामूहिक व्यायाम, नृत्य, स्काउट प्रदर्शन आदि कार्यक्रम होंगे।
अधिकारीगण को विभिन्न विभागों से संबंधित जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिनमें प्रमुखत: निमंत्रण पत्र मुद्रण और वितरण, ध्वनि व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, बच्चों के लिए बसों की व्यवस्था, और स्टेडियम की सजावट शामिल हैं। साथ ही, स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए प्राथमिक उपचार और आपातकालीन व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
जिला कलक्टर अग्रवाल ने अधिकारियों को विशेष रूप से समयबद्धता का ध्यान रखते हुए गणतंत्र दिवस समारोह के भव्य और यादगार आयोजन की दिशा में काम करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश, डीसीपी पूर्व पी डी नित्या, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा, नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पालानीचामी, और अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।


Leave a Reply