Advertisement

खैरथल नगर परिषद द्वारा सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर व्यापक स्वच्छता अभियान

blank

खैरथल-तिजारा ।वर्तमान राज्य सरकार के सफल दो वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को नगर परिषद खैरथल द्वारा शहर में व्यापक स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर की अवधारणा को सशक्त बनाना था।

नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम के तहत हनुमान पहाड़ी मंदिर एवं पार्क परिसर में सामूहिक श्रमदान किया गया, जहां मंदिर परिसर से कचरा, झाड़-झंखाड़ और गंदगी हटाई गई। इसके अलावा, शहरवासियों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया गया।

स्वच्छता अभियान के तहत हनुमान पहाड़ी पार्क से रेलवे अंडरपास होते हुए अंबेडकर सर्किल और नगर परिषद सभागार तक स्वच्छता रैली निकाली गई। इस रैली में नगर परिषद के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और आम नागरिकों ने भाग लिया और स्वच्छता का संदेश दिया। शहर के विभिन्न स्थानों पर रंगोली बनाकर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक दायित्वों का संदेश फैलाया गया।

इसके साथ ही, कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। नगर परिषद क्षेत्र में स्थित विभिन्न पार्कों और सार्वजनिक शौचालयों की सफाई की गई। नागरिकों से अपील की गई कि वे गीला और सूखा कचरा पृथक्करित करें, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखें और प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाएं।

नगर परिषद द्वारा लगातार स्वच्छता अभियानों में सक्रिय सहभागिता हेतु जागरूकता संदेश भी दिया गया, जिससे शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सामूहिक जिम्मेदारी को सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *