बावड़ी। उपखंड मुख्यालय बावड़ी स्थित श्री बालाजी अकैडमी सीनियर सेकंडरी विद्यालय में आज “संविधान आपके द्वारा” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. दिनेश गहलोत (सहायक आचार्य, राजनीति विज्ञान, जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय) रहे। यह कार्यशाला विश्वविद्यालय के अंबेडकर अध्ययन केंद्र के तत्वावधान में आयोजित की गई।
डॉ. गहलोत ने अपने उद्बोधन में भारतीय संविधान की प्रमुख विशेषताओं, संविधान सभा की विस्तृत चर्चा, मौलिक अधिकारों एवं मूल कर्तव्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान के महत्व को सरल एवं प्रभावी भाषा में समझाते हुए उसे अध्ययन के प्रति अधिक लोकप्रिय और प्रेरणादायक बनाया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. महेश परिहार (सहायक आचार्य, राजनीति विज्ञान) ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान एवं कानून की पालना करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि संविधान देश की आत्मा है और इसकी मर्यादा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
इस अवसर पर संस्था के चेयरमैन हनुमान राम सांखला ने मुख्य अतिथियों का स्वागत किया तथा विद्यार्थियों को संविधान के नियमों का पालन एवं अनुशासन में रहने का संदेश दिया।
अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य प्यारेलाल सांखला ने भारतीय संविधान को ‘गीता’ की संज्ञा देते हुए सभी विद्यार्थियों को इसके सिद्धांतों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।


Leave a Reply