Advertisement

नागौर जिले की बहू-बेटी ने बढ़ाया मान, साइबर जागरूकता में उत्कृष्ट कार्य पर महिला कांस्टेबल रामस्नेही डेलू सम्मानित

blank

गांव-गांव पहुंचकर महिलाओं और युवाओं को साइबर ठगी से बचाव के लिए कर रहीं जागरूक, अधिकारियों ने पुरस्कार व स्मृति चिन्ह देकर बढ़ाया हौसला

जोधपुर। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के बीच आमजन को जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने पर जोधपुर ग्रामीण पुलिस में महिला ट्रेनर कांस्टेबल रामस्नेही डेलू को सम्मानित किया गया। नागौर जिले के भेड़ गांव की बहू और रोटू गांव की बेटी रामस्नेही डेलू द्वारा लगातार गांव-गांव जाकर लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

blank

जोधपुर ग्रामीण एसपी पंकज यादव के निर्देशन में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान उपखंड अधिकारी बावड़ी जवाहर चौधरी, साइबर सेल सीओ जीवनराम, भोपालगढ़ सीओ गुलाबाराम और खेड़ापा सीआई लाखाराम जाखड़ ने रामस्नेही डेलू को पुरस्कार एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। अधिकारियों ने उनके कार्य की सराहना करते हुए आगे भी इसी तरह साइबर जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रेरित किया।

महिलाओं और युवाओं को कर रहीं जागरूक

महिला ट्रेनर कांस्टेबल रामस्नेही डेलू साइबर जागरूकता अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दे रही हैं। वह लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा संदिग्ध फोन कॉल और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने के लिए समझा रही हैं।

blank

ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल लेन-देन और मोबाइल इंटरनेट के बढ़ते इस्तेमाल के बीच साइबर अपराधी अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपना निशाना बनाते हैं। ऐसे में जागरूकता को साइबर अपराधों से बचाव का महत्वपूर्ण माध्यम माना जा रहा है।

गुलाबाराम ने की कार्य की सराहना

भोपालगढ़ सीओ गुलाबाराम ने रामस्नेही डेलू के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि उनके द्वारा गांव-गांव जाकर महिलाओं और युवाओं को साइबर ठगी से बचने के तरीके समझाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि साइबर जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचने का सबसे बड़ा हथियार है। आमजन को जागरूक कर साइबर ठगी की घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।

लाखाराम जाखड़ ने भी दी साइबर सुरक्षा की जानकारी

कार्यक्रम के दौरान खेड़ापा सीआई लाखाराम जाखड़ ने भी साइबर अपराधों से बचाव को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते, एटीएम, यूपीआई, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें और ऑनलाइन धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत संबंधित एजेंसी या पुलिस को सूचना दें।

सम्मान मिलने पर रामस्नेही डेलू ने इसे अपने लिए प्रेरणादायक बताते हुए साइबर जागरूकता अभियान को और अधिक प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। उनकी इस उपलब्धि से नागौर जिले के भेड़ गांव और रोटू गांव सहित क्षेत्रवासियों में भी खुशी का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *