Advertisement

बावड़ी क्षेत्र की 70 पंचायतों में सरपंच आरक्षण तय, 34 पद महिलाओं के लिए आरक्षित

blank

बावड़ी, हटूंडी और उम्मीदनगर पंचायत समितियों में लॉटरी से आरक्षण तय; SC, OBC और ST वर्ग को भी मिला प्रतिनिधित्व

बावड़ी (जोधपुर)। पंचायती राज चुनाव 2026 को लेकर बावड़ी क्षेत्र में सरपंच पदों के आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया पूरी हो गई है। पंचायत समिति बावड़ी के सभागार में आयोजित प्रक्रिया के तहत बावड़ी, हटूंडी और उम्मीदनगर पंचायत समितियों की कुल 70 ग्राम पंचायतों में सरपंच पदों का आरक्षण तय किया गया। आरक्षण तय होने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियां तेज होने लगी हैं और संभावित प्रत्याशी अपनी तैयारियों में जुट गए हैं।

blank

70 में से 34 पद महिलाओं के लिए आरक्षित

तीनों पंचायत समितियों की कुल 70 ग्राम पंचायतों में से 34 सरपंच पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। इनमें सामान्य वर्ग की महिलाओं के साथ-साथ अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ा वर्ग की महिलाओं को भी आरक्षण दिया गया है। वहीं विभिन्न पंचायतों में SC, OBC और ST वर्ग के लिए खुले पद भी निर्धारित किए गए हैं।

बावड़ी पंचायत समिति में 27 पंचायतों का आरक्षण

बावड़ी पंचायत समिति क्षेत्र की 27 ग्राम पंचायतों में सरपंच पदों का आरक्षण तय किया गया है। इनमें कुल 13 पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए 8, SC महिला के लिए 3 और OBC महिला के लिए 2 पद निर्धारित किए गए हैं।

blank

वर्गवार स्थिति देखें तो सामान्य वर्ग के लिए कुल 16 पद हैं, जिनमें 8 सामान्य और 8 सामान्य महिला पद शामिल हैं। SC वर्ग के लिए 6 पद निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 3 SC ओपन और 3 SC महिला हैं। OBC वर्ग के लिए कुल 5 पद हैं, जिनमें 3 OBC ओपन और 2 OBC महिला पद शामिल हैं। बावड़ी पंचायत समिति क्षेत्र में ST वर्ग के लिए कोई सरपंच पद आरक्षित नहीं किया गया है।

blank

हटूंडी की 23 पंचायतों में 11 पद महिलाओं के लिए

हटूंडी पंचायत समिति क्षेत्र की 23 ग्राम पंचायतों में सरपंच पदों के लिए आरक्षण की लॉटरी भी पूरी हो गई। कुल 23 पदों में से 11 पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। इनमें 7 सामान्य महिला, 2 SC महिला और 2 OBC महिला पद शामिल हैं। इसके अलावा एक पद ST ओपन वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है।

हटूंडी क्षेत्र में आरक्षण के अनुसार हटूंडी और धनारी कला में SC ओपन, डेरो की ढाणी और नारीनाडी में OBC ओपन, चिन्दड़ी और भारीनगर में OBC महिला आरक्षण हुआ है। रामनगर और गोसाई नगर में SC महिला पद निर्धारित किए गए हैं। नांदिया कल्ला, नांदिया भैर की ढाणी, जेतियावास, गिगाला, हड़मान सागर, बरसालु खुर्द और हानिया में अनारक्षित महिला पद हैं।

वहीं नांदिया खुर्द, नांदिया जाजड़ा, उमादेशर, मानसागर, किंजरी, बरसालु कल्ला और चन्द्रख में अनारक्षित ओपन पद हैं। सिल्ली पंचायत में ST ओपन पद आरक्षित किया गया है।

blank

उम्मीदनगर की 20 पंचायतों में 10 पद महिलाओं के लिए

उम्मीदनगर पंचायत समिति क्षेत्र की 20 ग्राम पंचायतों में भी सरपंच पदों का आरक्षण तय कर दिया गया है। यहां कुल 10 पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। इनमें 7 सामान्य महिला, 1 SC महिला और 2 OBC महिला पद शामिल हैं। इसके अलावा ST ओपन के लिए 1 पद आरक्षित किया गया है।

आरक्षण सूची के अनुसार उम्मीदनगर और राजासनी में OBC ओपन, डावरा और केलावा खुर्द में SC ओपन तथा श्यामनगर और बासनी डावरा में OBC महिला पद आरक्षित हुए हैं। रामनगर, किरमसरिया खुर्द, खुड़ियाला, जुड़, केलावा कल्ला, खारी खुर्द और विनायकपुरा में अनारक्षित महिला पद निर्धारित किए गए हैं।

वहीं रामपुरा भाटियान, भैसेर चावण्डियाली, चौपासनी चारणन, खारड़ा मेवासा और भवाद में अनारक्षित ओपन पद हैं। उजलिया पंचायत में ST ओपन तथा केरला नगर में SC महिला पद आरक्षित किया गया है।

blank

आरक्षण तय होने के बाद बढ़ी चुनावी हलचल

बावड़ी क्षेत्र की तीनों पंचायत समितियों में सरपंच पदों का आरक्षण तय होने के बाद अब संभावित प्रत्याशियों की तस्वीर भी काफी हद तक स्पष्ट हो गई है। जिन पंचायतों में सामान्य महिला, SC महिला, OBC महिला या अन्य आरक्षित वर्ग के पद आए हैं, वहां संबंधित वर्ग के संभावित उम्मीदवारों ने चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

पंचायती राज चुनाव 2026 के तहत आरक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब ग्रामीण क्षेत्रों में चौपालों, बैठकों और संभावित उम्मीदवारों की सक्रियता बढ़ने की उम्मीद है। पंचायतों में आरक्षण के अनुसार दावेदार अपने-अपने स्तर पर समर्थन जुटाने में लग गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *