Advertisement

चाबा गांव शिविर में 40 साल पुरानी गलती सुधरी: “अनोजी” से “अनोपी देवी” हुआ नाम शुद्ध, परिवार को मिली राहत

blank

जोधपुर। गांव चाबा की पंचायत में शुक्रवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर एक परिवार के लिए उम्मीद और सुकून का कारण बन गया। मूलाराम पुत्र दमाराम जब शिविर में पहुँचे तो उनके मन में बरसों का बोझ था। उनकी वृद्ध माँ अनोपी देवी का नाम राजस्व अभिलेखों में पिछले 40 वर्षों से गलत रूप में “अनोजी” दर्ज था। यह त्रुटि सिर्फ कागज़ों तक सीमित नहीं रही, बल्कि इस वजह से परिवार कई सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित भी रहा।

अनोपी देवी अस्वस्थ होने के कारण शिविर तक नहीं पहुँच सकीं। बेटे मूलाराम ने माँ की ओर से आवेदन शिविर प्रभारी उपखंड अधिकारी विक्रांत शर्मा को सौंपा। संवेदनशीलता दिखाते हुए शर्मा ने तहसीलदार दिनेशचंद को तत्काल नाम शुद्धि की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। तहसीलदार ने पटवारी राजेश मीणा को मौके पर जांच के लिए लगाया। दस्तावेज़ और मजमूआ आम की जाँच हुई, रिपोर्ट तैयार हुई और कुछ ही घंटों में माँ का नाम “अनोजी देवी” से सुधरकर “अनोपी देवी” दर्ज कर दिया गया।

इस निर्णय की घोषणा होते ही मूलाराम के चेहरे पर संतोष की मुस्कान फैल गई। उनकी आँखें नम थीं, लेकिन भीतर राहत की गहरी लहर दौड़ रही थी। उन्होंने कहा – “आज मेरी माँ का नाम शुद्ध हो गया, अब हमें योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री, विधायक बाबूसिंह राठौड़ और पूरे उपखंड प्रशासन का आभार व्यक्त करता हूँ।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *