ग्रामीण सेवा व शहरी सेवा शिविरों में आमजन को मिले योजनाओं का त्वरित लाभ – प्रभारी मंत्री
घुमंतू व अर्धघुमंतू परिवारों के सर्वे से सुनिश्चित होगा सामाजिक सशक्तिकरण
जोधपुर। शिक्षा एवं पंचायती राज एवं जिला प्रभारी मंत्री मदन दिलावर की अध्यक्षता में बुधवार को मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभागवार प्रगति का गहन विश्लेषण किया गया तथा योजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
विभागवार प्रगति की गहन समीक्षा, त्वरित निस्तारण और गुणवत्तापूर्ण कार्य पर बल
बैठक में फ्लैगशिप योजनाओं की लक्ष्य-उपलब्धि के आधार पर समीक्षा की गई। अतिवृष्टि प्रभावित व्यक्तियों को भुगतान, लंबित प्रकरणों के निस्तारण, गिरदावरी कार्य शीघ्र पूर्ण करने, मरम्मत कार्यों की स्वीकृति एवं प्रगति, उर्वरक उपलब्धता एवं वितरण, सेवा शिविरों और सहकारिता सदस्यता अभियान जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्रत्येक योजना अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति को लाभान्वित करने के उद्देश्य से बनाई गई है और अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
प्रभारी मंत्री ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विद्यालय परिसरों की साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा जिला शिक्षा अधिकारी विद्यालयों का निरीक्षण कर मिड-डे मील की गाइडलाइन के अनुरूप जांच व क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। नगर निगम आयुक्त को उन्होंने आगामी दिनों में शहर की सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग के संबंध में उन्होंने कहा कि सीएमएचओ आमजन को मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक करने के लिए अभियान चलाएं। पंचायती राज विभाग को योजनाओं की नियमित समीक्षा कर लाभार्थियों तक योजनाओं का त्वरित लाभ पहुँचाने के निर्देश दिए। ग्रामीण व शहरी सेवा शिविरों के संबंध में उन्होंने लंबित कार्यों का शीघ्र निस्तारण करते हुए अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने की बात कही। जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है और इसका गुणवत्तापूर्ण व त्वरित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। घुमंतू सशक्तिकरण योजना पर उन्होंने घुमंतू व अर्धघुमंतू परिवारों का सर्वे कर उन्हें सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
बैठक में राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, बिलाड़ा विधायक अर्जुन लाल गर्ग, भोपालगढ़ विधायक गीता बरवड़, जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष मिश्रा, नगर निगम उत्तर व दक्षिण के आयुक्त सिद्धार्थ पालानीचामी सहित विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Leave a Reply