Advertisement

रामदेवरा रेलवे स्टेशन के बाहर होटल में गैस रिसाव से भीषण आग, मची अफरा-तफरी

blank

रामदेवरा/जैसलमेर। जैसलमेर जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल रामदेवरा रेलवे स्टेशन के बाहर शनिवार सुबह गैस सिलेंडर से हुए रिसाव के कारण एक होटल में अचानक भीषण आग लग गई। तंदूर भट्टी की आग के संपर्क में आते ही रिसती गैस ने लपट पकड़ ली और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। होटल से उठती ऊंची लपटों को देखकर स्टेशन के आसपास मौजूद यात्रियों और दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई।

गैस रिसाव के बाद तेजी से फैली आग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार होटल में गैस सिलेंडर से रिसाव हो रहा था। इसी दौरान पास में जल रही तंदूर भट्टी की आग के संपर्क में गैस आने से अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही पलों में आग होटल के अंदर तेजी से फैल गई और वहां रखा सामान धू-धू कर जलने लगा।

आग बढ़ती देखकर आसपास के दुकानदार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने तत्काल पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कुछ लोगों ने जोखिम उठाकर गैस सिलेंडर को भी सुरक्षित स्थान पर हटाने की कोशिश की। स्थानीय लोगों की तत्परता और सामूहिक प्रयास से आग पर जल्द नियंत्रण पा लिया गया।

कुछ मिनट की देरी बन सकती थी बड़ा हादसा

आग की चपेट में आने से होटल में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि आग आसपास की दुकानों तक नहीं पहुंच सकी। यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो स्टेशन रोड पर स्थित कई दुकानों और प्रतिष्ठानों के इसकी चपेट में आने का खतरा था।

गनीमत रही कि इस घटना में किसी व्यक्ति के झुलसने या जनहानि की सूचना नहीं है। आग पर नियंत्रण के बाद स्थानीय लोगों और यात्रियों ने राहत की सांस ली।

दमकल के देर से पहुंचने पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का आरोप है कि आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को तत्काल दी गई थी, लेकिन अग्निशमन वाहन आग पर काबू पाने के करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचा। दमकल वाहन के देर से पहुंचने को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली।

blank

रामदेवरा में भादवा मेले के दौरान देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में रेलवे स्टेशन, बाजार और मेला क्षेत्र में किसी भी तरह की आगजनी या अन्य आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित अग्निशमन व्यवस्था बेहद जरूरी है। शनिवार की घटना ने मेले से पहले प्रशासन की आपातकालीन तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस और विद्युत विभाग की टीम पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। विद्युत विभाग के स्थानीय कार्मिकों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से भादवा मेले से पहले रामदेवरा में दमकल की स्थायी तैनाती, त्वरित रिस्पॉन्स सिस्टम और पर्याप्त अग्निशमन संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और स्टेशन रोड पर बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों को देखते हुए शनिवार की घटना प्रशासन के लिए एक चेतावनी के रूप में सामने आई है।

blank

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *