जोधपुर में ANTF की बड़ी कार्रवाई: 2 किलो 231 ग्राम MD बरामद, 67 लाख की अंतरराष्ट्रीय कीमत
जोधपुर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत ANTF टीम ने कायलाणा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो 231 ग्राम अवैध मादक पदार्थ MD बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को दस्तयाब किया गया, जबकि मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त कार को भी जब्त किया गया है।
एएनटीएफ महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा एवं अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एमएन के मार्गदर्शन और निर्देशन में प्रदेशभर में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत जोधपुर जिले के कायलाणा थाना क्षेत्र में ANTF टीम ने संदिग्ध गतिविधि के आधार पर कार्रवाई करते हुए 2 किलो 231 ग्राम MD बरामद की। पुलिस के अनुसार जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 67 लाख रुपए आंकी गई है।
कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को दस्तयाब करने के साथ ही MD के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त किया गया। आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
पुलिस मामले में आरोपी से नशे की सप्लाई चेन और पूरे नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है तथा जांच के दौरान नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने की संभावना है।
नशा तस्करों में हड़कंप
जोधपुर में ANTF की लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और तस्करी से जुड़े नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply