जोधपुर। रक्षा बंधन के पर्व के अवसर पर जोधपुर यातायात पुलिस की ओर से पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय, विश्वास एवं आत्मीयता स्थापित करने के उद्देश्य से ‘रक्षा का वचन’ अभियान के तहत विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम मेडिकल चौराहा पर आयोजित हुआ।
पुलिस आयुक्त जोधपुर अंशुमन भोमिया के निर्देशानुसार तथा पुलिस उपायुक्त मुख्यालय एवं यातायात शहीन सी के सुपरविजन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात शालिनी राज, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात पूर्व विमला बिश्नोई, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात प्रशासन रमेश कुमार शर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात पश्चिम रतनसिंह राजपुरोहित, समाजसेविका निरूपा पाटवा (जॉयन्ट्स ग्रुप) सहित यातायात पुलिस के अधिकारियों एवं कार्मिकों ने कार्यक्रम में भाग लिया।

महिलाओं और बालिकाओं से किया संवाद
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि किसी भी परिस्थिति में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सहायता के लिए पुलिस तत्पर रहेगी। इस दौरान पुलिस और आमजन के बीच विश्वास को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।
यातायात नियमों के पालन का दिया संदेश
यातायात पुलिस ने आमजन एवं वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने का भी संदेश दिया गया।

सुरक्षित समाज में हर नागरिक की भूमिका
रक्षा बंधन के अवसर पर आयोजित यह अभियान केवल महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं आत्मीय संबंध मजबूत करने पर भी केंद्रित रहा। उपस्थित लोगों को बताया गया कि सुरक्षित समाज के निर्माण में पुलिस के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
यातायात पुलिस आयुक्तालय जोधपुर ने आमजन से अपील की कि पुलिस के साथ बेहतर समन्वय एवं विश्वास कायम रखते हुए यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित, जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनकर समाज में सुरक्षा की भावना को मजबूत करें।

Leave a Reply