जोधपुर। दीपावली और आगामी त्योहारी सीजन में घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए राहत की खबर है। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बाड़मेर-हरिद्वार-बाड़मेर द्विसाप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के 27 फेरे और बढ़ाने का निर्णय लिया है। संचालन अवधि बढ़ने से पश्चिमी राजस्थान से हरिद्वार जाने और वापस लौटने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिल सकेगी।
जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन संख्या 04811/04812 बाड़मेर-हरिद्वार-बाड़मेर द्विसाप्ताहिक स्पेशल एक्सप्रेस का संचालन बढ़ाया गया है। ट्रेन संख्या 04811 बाड़मेर-हरिद्वार स्पेशल 31 अगस्त से 30 नवंबर तक तथा ट्रेन संख्या 04812 हरिद्वार-बाड़मेर स्पेशल 1 सितंबर से 1 दिसंबर तक संचालित होगी।

सोमवार और गुरुवार को बाड़मेर से रवाना होगी
ट्रेन संख्या 04811 बाड़मेर-हरिद्वार स्पेशल सोमवार और गुरुवार को सुबह 4:15 बजे बाड़मेर से रवाना होगी। यह ट्रेन सुबह 8:40 बजे जोधपुर पहुंचेगी और 10 मिनट के ठहराव के बाद 8:50 बजे हरिद्वार के लिए रवाना होगी। ट्रेन अगले दिन सुबह 4:10 बजे हरिद्वार पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 04812 हरिद्वार-बाड़मेर स्पेशल मंगलवार और शुक्रवार को सुबह 5:15 बजे हरिद्वार से रवाना होगी। यह रात 2:30 बजे जोधपुर पहुंचेगी और 10 मिनट के ठहराव के बाद 2:40 बजे बाड़मेर के लिए रवाना होगी। ट्रेन सुबह 7:30 बजे बाड़मेर पहुंचेगी।
18 डिब्बों की होगी स्पेशल ट्रेन
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में कुल 18 डिब्बे लगाए जाएंगे। इनमें 1 सेकंड एसी, 6 थ्री-टियर एसी, 5 स्लीपर, 4 जनरल और 2 गार्ड एसएलआर कोच शामिल हैं।

Advertisement
24 स्टेशनों पर होगा ठहराव
बाड़मेर-हरिद्वार-बाड़मेर स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में बायतु, बालोतरा, समदड़ी, दुंदाड़ा, लूनी, जोधपुर, गोटन, मेड़ता रोड जंक्शन, नागौर, नोखा, बीकानेर, लालगढ़, लूनकरनसर, अरजनसर, रजियासर, सूरतगढ़, पीलीबंगा, हनुमानगढ़, संगरिया, मंडी डबवाली, बठिंडा, धुरी, अंबाला कैंट और सहारनपुर स्टेशनों पर ठहरेगी।
त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ के बीच इस स्पेशल ट्रेन के अतिरिक्त 27 फेरों से बाड़मेर, जोधपुर सहित पश्चिमी राजस्थान के यात्रियों को हरिद्वार और मार्ग के अन्य शहरों तक आने-जाने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply