गांव में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार; 2.5 किलोमीटर लंबी अंतिम यात्रा में हजारों लोग हुए शामिल
जैसलमेर/पोकरण। पोकरण क्षेत्र के रहने वाले 19 वर्षीय अग्निवीर जवान गोपाल सिंह भाटी का दिल्ली में ट्रेनिंग के दौरान अचानक निधन हो गया। करीब दो महीने पहले ही भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में भर्ती हुए गोपाल सिंह के निधन की खबर से परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
सोते समय अचानक बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, मंगलवार अलसुबह करीब 5 बजे सोते समय गोपाल सिंह के सीने में अचानक तेज दर्द और तकलीफ हुई। साथ मौजूद साथी जवानों ने उन्हें तत्काल नजदीकी आर्मी बेस अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मौत की वजह साइलेंट हार्ट अटैक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन दिल्ली रवाना हुए। सैन्य प्रक्रियाओं और पोस्टमार्टम के बाद बुधवार तड़के सेना के विशेष वाहन से पार्थिव शरीर को पैतृक गांव लाया गया।
2.5 किलोमीटर लंबी निकली अंतिम यात्रा
बुधवार सुबह करीब 10 बजे सेना का वाहन पार्थिव शरीर लेकर गांव पहुंचा तो माहौल गमगीन हो गया। “गोपाल सिंह अमर रहे” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
गांव से करीब 2.5 किलोमीटर दूर स्थित श्मशान घाट तक अंतिम यात्रा निकाली गई। इसमें हजारों की संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग शामिल हुए। श्मशान घाट पर पूर्ण सैन्य सम्मान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अंतिम संस्कार किया गया। गोपाल सिंह के बड़े भाई वीरेंद्र सिंह ने नम आंखों से छोटे भाई को मुखाग्नि दी।

अग्निवीर गोपाल सिंह भाटी(फाइल फोटो)
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
गोपाल सिंह के परिवार में माता-पिता, दो बहनें और एक बड़ा भाई है। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है, जबकि छोटी बहन और माता-पिता गांव में रहते हैं। बड़े भाई वीरेंद्र सिंह अपने पिता चुतर सिंह के साथ खेती-बाड़ी का काम संभालते हैं।
देश सेवा का सपना लेकर सेना में शामिल हुए गोपाल सिंह के आकस्मिक निधन से परिवार गहरे सदमे में है। महज 19 वर्ष की उम्र में उनका यूं चले जाना पूरे क्षेत्र के लिए बेहद दुखद घटना है।
जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि
अंतिम संस्कार के दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और सैन्य अधिकारी मौजूद रहे। पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी और पूर्व विधायक सांग सिंह भाटी ने श्मशान घाट पहुंचकर पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया तथा सरकार और प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply