जयपुर। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर प्रशासन की सक्रियता उस समय देखने को मिली, जब जिला कलेक्टर संदेश नायक मंगलवार देर रात सरकारी वाहन के बजाय स्कूटी से परकोटे के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण करने निकल पड़े। कलेक्टर के साथ अतिरिक्त जिला कलक्टर (पूर्व) नरेंद्र कुमार वर्मा भी मौजूद रहे। एडीएम वर्मा ने स्कूटी चलाते हुए कलेक्टर को शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा कराया।
देर रात किए गए निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परकोटे के अलग-अलग क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की स्थिति देखी और मौके पर मौजूद व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने नालियों की सफाई, रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था की बीट तथा खाने-पीने की दुकानों के आसपास जमा होने वाले कचरे के निस्तारण को लेकर अधिकारियों से अपडेट लिया।
कलेक्टर ने निकाय चुनाव के मद्देनजर लागू आचार संहिता की स्थिति और उससे संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी भी अधिकारियों से ली। उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि शहर में सफाई व्यवस्था नियमित और प्रभावी बनी रहे तथा प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा जमा नहीं हो।
प्रशासनिक स्तर पर संदेश नायक की कार्यशैली को सक्रिय और प्रभावी माना जाता है। वह लंबे समय तक मुख्यमंत्री के सचिव की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। इसके बाद उन्हें जयपुर जिला कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई। कलेक्टर इससे पहले भी स्कूटी पर शहर का दौरा कर जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं का जायजा ले चुके हैं।
देर रात किया गया यह निरीक्षण शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर प्रशासन की गंभीरता और जमीनी निगरानी के तौर पर देखा जा रहा है। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त स्वास्थ्य ओम थानवी और उपायुक्त राजस्व नवीन भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Advertisement

Leave a Reply