मंदिर में दर्शन के बहाने चांदी के छत्र-चरण पादुका चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, मुकुट चोरी की वारदातों का भी खुलासा
जोधपुर। पुलिस थाना मंडोर जोधपुर पूर्व की टीम ने मंदिरों में दर्शन करने के बहाने प्रवेश कर चांदी के छत्र, चरण पादुका और मुकुट चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चांदी की चरण पादुका बरामद की है, जबकि अन्य चोरी के माल और वारदात में प्रयुक्त वाहन की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त 2026 को मंदिर के पुजारी ने रिपोर्ट दी थी कि शाम करीब 6:45 बजे मंदिर में अभिषेक के दौरान दो युवक दर्शन के बहाने मंदिर में आए और भगवान की चांदी की चरण पादुका उठाकर ले गए। घटना के संबंध में मंडोर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से संदिग्धों की पहचान की। पुलिस ने आरोपी मनीष चावरिया (20) निवासी राजबाग हरिजन बस्ती, थाना सूरसागर, जोधपुर पश्चिम और दयाल भाटी (35) निवासी राजबाग शहीद राजाराम पार्क, थाना सूरसागर, जोधपुर पश्चिम को गिरफ्तार किया।
मंदिरों में चोरी का तरीका
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी मंदिरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। एक आरोपी मंदिर के अंदर जाकर दर्शन करने का बहाना करता, जबकि दूसरा बाहर खड़ा होकर निगरानी करता था। मौका मिलते ही मंदिर में रखे सोने-चांदी के मुकुट, छत्र, चरण पादुका सहित अन्य सामान चोरी कर मोटरसाइकिल से छोटे रास्तों के जरिए फरार हो जाते थे। चोरी के सामान को बाद में बेचकर नशे की जरूरत पूरी करने की बात भी सामने आई है।
सात मंदिरों में चोरी का खुलासा
पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के आधार पर जोधपुर शहर में मंदिर चोरी की कई वारदातों का खुलासा किया है। इनमें मंडोर थाना क्षेत्र के गोकुलजी के प्याऊ स्थित गजानंद जी मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी, सूरसागर क्षेत्र के बालाजी मंदिर से चोरी, रातानाडा क्षेत्र के रामेश्वरी भवन से दान पेटी चोरी, सूरसागर के बालाजी मंदिर से छत्र चोरी, माता का थान क्षेत्र के महादेव/शिवजी मंदिर से मुकुट चोरी, मसूरिया के आगे शिवजी मंदिर से चांदी के छत्र की चोरी तथा मंडोर क्षेत्र में बीएसएफ के पास बालाजी मंदिर से चांदी का छत्र चोरी की वारदात शामिल हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। अनुसंधान के दौरान चोरी किए गए अन्य सामान और वारदात में इस्तेमाल वाहन की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, मामले में एक अन्य संदिग्ध की तलाश जारी है।
कार्रवाई टीम: मंडोर थानाधिकारी सुरेश सारण के नेतृत्व में मनोहर लाल, कृष्ण सउनि तथा विशेष योगदान देने वाले पुलिसकर्मी भागीरथ कानि. 2492 की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।


Leave a Reply