जोधपुर ।बालेसर थाना क्षेत्र के भाटेलाई गांव में लंबे समय से फरार चल रहे हार्डकोर अपराधी गणेश माजू को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम के साथ उसके परिजनों द्वारा कथित रूप से धक्का-मुक्की और झगड़ा करने का मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोपी को पुलिस से छुड़ाकर भगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते गणेश माजू को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, गणेश माजू पुत्र रामाराम बिश्नोई करीब तीन-चार माह पहले भाटेलाई गांव में एक दलित युवक के अपहरण और मारपीट के मामले में वांछित था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी तलाश में कई बार दबिश दी, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो जाता था।

घर पर होने की सूचना पर पहुंची पुलिस
शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि गणेश माजू अपने भाटेलाई स्थित घर पर मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ लिया। इसी दौरान उसके परिवार के सदस्य पुलिस से उलझ गए और आरोपी को छुड़ाने का प्रयास करने लगे। आरोप है कि परिवार के सदस्यों और महिलाओं ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और झगड़ा करने की कोशिश की।
हालांकि, पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभालते हुए आरोपी को चारों तरफ से घेर लिया और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज
घटना के बाद बालेसर थाना अधिकारी ने गणेश माजू, उसके पिता और अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस के राजकार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज करवाया है। मामले की जांच शेरगढ़ थाना अधिकारी को सौंपी गई है।
50 से अधिक मामलों में वांछित
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार गणेश माजू के खिलाफ बालेसर थाना सहित जोधपुर जिले और राजस्थान के अन्य थाना क्षेत्रों में 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह इन मामलों में पुलिस के लिए लंबे समय से वांछित था। पुलिस का कहना है कि आरोपी पूर्व में भी कई बार पुलिस को चकमा देकर फरार हो चुका है।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके खिलाफ दर्ज मामलों और अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply